वारदात . तीन हथियारबंद अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
बिहिया/जगदीशपुर : जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बिहिया- जगदीशपुर पथ पर हथियार बंद अपराधियों ने एक कुरियर कंपनी के कार्यालय में घुसकर हथियार के बल पर साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग निकले. घटना रविवार की रात्रि लगभग 10 बजे की है, जब कुरियर कंपनी के कर्मचारी कार्यालय खोलकर सामान अंदर रख रहे थे, तभी तीन की संख्या में अपराधियों ने घटना को अंजाम दे दिया. बताया जा रहा है कि तीन की संख्या में अपराधी इकॉम एक्सप्रेस ऑनलाइन डिलिवरी सेंटर कंपनी में घुस गये और कंपनी के सुपरवाईजर निशिकांत पांडेय को पिस्टल का भय दिखाकर कार्यालय में रखे 3 लाख, 22 हजार, 609 रुपये लूट लिया.
कुरियर कंपनी के सुपरवाइजर ने बताया कि रविवार की रात कार्यालय में सामान से लदी गाड़ी आयी हुई थी. सामान को कार्यालय में रखवाने के बाद उन्होंने
कार्यालय का शटर अंदर से बंद कर लिया ताकि सभी आये हुए सामान को कंप्यूटर पर इंट्री कर सकें. इसी दौरान सामान लेकर आनेवाले वाहन के चालक ने गेट खुलवाया. गेट खोलते ही चालक के साथ दो अन्य लोग अंदर घुस गये और एक ने उन पर पिस्टल तान दिया. लुटेरों ने इस दौरान टेबल के दराज में रखे तीन दिन के कलेक्शन का सारा रुपया निकाल लिया और वहां से भाग निकले. सुपरवाइजर ने घटना की जानकारी बिहिया थाने को दी.
