भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट : ”स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” अभियान के तहत भागलपुर पुलिस लगातार नशा कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है. इसी क्रम में जोगसर थाना क्षेत्र के बुढ़ानाथ मंदिर के समीप छापेमारी कर पुलिस ने 6.88 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र सिंह की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 अजय कुमार चौधरी एवं जोगसर थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
बुढ़ानाथ मंदिर के पास हुई छापेमारी
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुढ़ानाथ मंदिर के समीप छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने साखीचंद निवासी राजा मंडल, पिता शंकर मंडल को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 6.88 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.टोटो भी पुलिस ने किया जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद एक टोटो वाहन को भी जब्त कर लिया. पुलिस का मानना है कि टोटो का इस्तेमाल मादक पदार्थों की सप्लाई में किया जा रहा था. गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
नशे के तस्करों पर लगातार हो रही कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.छापेमारी दल में शामिल रहे ये अधिकारी
इस कार्रवाई में जोगसर थानाध्यक्ष विनोद Kumar, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, प्रमोद दास समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
