तातारपुर थाना क्षेत्र के काजीवलीचक के यतीमखाना के पास सोमवार दाेपहर छोटे भाई ने बड़े भाई पर शीशे के टुकड़े से जानलेवा हमला कर दिया. हमले के बाद बड़े भाई को इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया. जहां उसकी स्थिति को गंभीर बताते हुए चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया गया है. घायल काजीवलीचक के यतीमखाना निवासी संतोष कुमार है. उसके गले पर गंभीर जख्म है. अत्यधिक खून बहने से उसकी स्थिति गंभीर हो गयी है. संतोष का परिवार आर्थिक रूप से काफी विपन्न है. इसलिए रेफर होने के बाद भी पटना जाने के लिए सभी प्रकार के इंतजाम करने में परिजनों को काफी समय लगा. रेफर होने के डेढ़ घंटे बाद परिजन संतोष को लेकर पटना के लिए रवाना हुए. हमलावरभाई सावन कुमार घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है. तातारपुर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन की है. आसपास के लोगों ने बताया, दोनों के बीच पहले विवाद हुआ आसपास के लोगों ने बताया कि संतोष कुमार खलीफाबाग चौक स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता है. सोमवार को दोपहर के समय दोनों भाई के बीच आपस में विवाद हुआ. इसी क्रम में सावन काफी गुस्से में आ गया. उसने बोतल को तोड़ कर कांच के टुकड़े से संतोष पर हमला कर दिया. अलग-अलग लोगों ने घटना के कारण ही जानकारी अलग-अलग दी. कुछ लोगों ने बताया कि सावन स्मैक पीने के लिए अपनी मां से पैसे मांग रहा था. इसी क्रम में संतोष ने सावन का विरोध किया तो उस पर हमला कर दिया गया. अधिकांश लोगों ने बताया कि सावन स्मैक नहीं पीता था. वह पान पुड़िया जरूर खाता था. वह मानसिक रूप से कमजोर है. जब उसके पिता जिंदा थे तो उसका निरंतर इलाज करवाया जा रहा था. लेकिन विगत वर्षों उसके पिता की मृत्यु हो गयी, जिसके बाद सावन का इलाज नहीं किया जा रहा था. इन दिनों वह अजीबोगरीब हरकत करता था. पागलपन में ही उसने अपने ही बड़े भाई पर हमला कर दिया. सिटी एसपी ने बताया भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि छोटे भाई द्वारा बड़े भाई पर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आयी है. हमलावर युवक के मानसिक रूप से कमजोर होने की बात सामने आयी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
