बरारी थाना क्षेत्र के कुप्पा घाट मुस्तफापुर मोहल्ला निवासी मो इम्तियाजुल की पत्नी मुस्कान परवीन (26) की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी है. मायके वालों का कहना है कि मुस्कान की हत्या ससुरालवालों ने कर दी है तो ससुराल वालों का कहना है कि मुस्कान ने अज्ञात कारणों से गले में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली है. घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक छानबीन की है. परिजनों ने पहले ही शव को उतार कर बेड पर रख दिया था. फिर पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुला कर मामले की जांच करायी और विभिन्न तरह के साक्ष्यों को एकत्रित कराया. देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए जेएलएनएमसीएच भेज दिया गया था. पोस्टमार्टम मंगलवार की सुबह करवाया जायेगा. पुलिस ने ससुराल वालों ने बताया मुस्तफापुर स्थित एक मकान में मृतका के पति इम्तियाज और उसके अलावा अन्य दो भाइयों का परिवार और माता पिता रहते हैं. इम्तियात सउदी अरब में नौकरी करता है. वह एक वर्ष से भागलपुर नहीं आया है. यहां पर मुस्कान का अपना कमरा है और वह अपने तीन बच्चों के साथ अपने कमरे में रहती थी. तीन में से दो बेटे पास के ही एक निजी स्कूल में पढ़ाई करते हैं. एक बच्ची अभी चार साल की है. मृतका के भैसुर व अन्य ससुरालवालों ने बताया कि रोज की तरह सुबह मुस्कान अपने बच्चों को स्कूल छोड़ कर आयी फिर खाना पीना खा कर अपने कमरे में सोने चली गयी. सोने के समय में मुस्कान कमरे को लॉक कर सोती थी. सोमवार को भी ऐसा ही किया था. ससुराल वालों ने बताया कि अमूमन वह दोपहर एक बजे जग जाती थी लेकिन आज नहीं जगी तो परिवार के अन्य सदस्यों ने उसका दरवाजा खटखटाया, कोई उत्तर नहीं मिलने पर परिजनों को शक हुआ और उनलोगों ने दरवाजा तोड़ कर देखा तो मुस्कान ओढ़नी से बने फंदे के सहारे पंखे से लटक रही थी. आनन फानन में परिवार के सदस्यों द्वारा उसे नीचे उतारा गया लेकिन मुस्कान की सांसे नहीं चल रही थी. ससुराल वालों ने बताया कि मुस्कान का किसी तरह का विवाद ससुराल वालों के साथ नहीं था. उसके पति उसके खाते में पैसे भेजते थे और वह यहां रह कर आराम से अपने बच्चों को पढ़ा रही थी. घटना का क्या कारण है, उनलोगों को कुछ पता नहीं है. मायके वालों का आरोप, मुस्कान को किया जाता था प्रताड़ित, की गयी है हत्या मुस्कान का मायके कोलकाता में है. लेकिन मां के गुजर जाने के बाद उसने भागलपुर के साहेबगंज में रह कर पढ़ाई की और यहीं से उसकी शादी हुई. मुस्कान के भाई राजा और सज्जाद कोलकाता में ही रहते हैं और घटना की सूचना मिलते ही वे लोग भागलपुर के लिए रवाना हो गये हैं. मृतका के मौसेरे भाई शाहनवाज आलम का आरोप है कि मुस्कान की हत्या कर दी गयी है. बार बार उस पर चरित्रहीनता का आरोप लगाया जाता था. उसके पति सउदी से फोन कर चरित्रहीनता का आरोप लगाते हुए उसे बहुत प्रताड़ित करते थे. दो माह पहले मुस्कान गुस्से में कोलकाता भी चली गयी थी, लेकिन फिर जब लौटी तो प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा. शाहनवाज ने बताया कि तीन दिनों से घर में विवाद हो रहा था. तीन दिन पहले भी मुस्कान ने उसकी मां को फोन कर पूरी जानकारी दी थी. रविवार और सोमवार के बीच की रात को भी घर में विवाद हो रहा था. इम्तियाज ने मुस्कान के पति समेत दोनों भाईयों और अन्य ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और हत्या कर दिये जाने का आरोप लगाया है. बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल ने बताया कि अभी तक परिजनों का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. मोबाइल जब्त किया गया है. पुलिस छानबीन कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
