मायागंज अस्पताल में विवाहिता की मौत, पिता का आरोप: दहेज में जमीन नहीं देने पर बेटी को जहर देकर मारा

Dowry Death: मायागंज अस्पताल में एक विवाहिता की मौत ने हड़कंप मचा दिया है. मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेटी को जहर देने और बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट

Dowry Death: मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के निवासी जयकृष्ण साह की 34 वर्षीया पत्नी पूजा कुमारी ने बुधवार की सुबह करीब 10:00 बजे भागलपुर के जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया. मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है.

5 जुलाई को बेरहमी से पीटा, हालत बिगड़ने पर कराया भर्ती

बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड अंतर्गत मिर्जापुर गांव के निवासी और मृतका के पिता भीम साव ने बताया कि बीती 5 जुलाई को पूजा के साथ उसके ससुराल में बेरहमी से मारपीट की गई थी. 6 जुलाई को जब उसकी हालत अत्यधिक बिगड़ गई, तो उसे पहले स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसी दिन मायागंज अस्पताल (JLNMCH) रेफर कर दिया, जहां दो दिनों तक वह जिंदगी और मौत से जूझती रही.

मरते-मरते पिता को बताई आपबीती

भीम साव ने भरे गले से बताया कि अस्पताल के बेड पर जब पूजा गंभीर अवस्था में थी, तब उसने होश आने पर अपने पिता से पूरी बात साझा की थी. पूजा ने बताया था कि ससुराल वालों ने उसे जबरन कुछ जहरीला पदार्थ खिला दिया था और जब वह छटपटाने लगी, तो उसके साथ जमकर मारपीट की गई. इसके बाद से ही उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई.

एक बीघा पुस्तैनी जमीन पर थी दामाद की नजर

पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद जयकृष्ण साह और उसकी मां लकमा देवी दहेज के रूप में उनकी पुस्तैनी जमीन अपने नाम कराने का लगातार दबाव बना रहे थे. भीम साव ने बताया कि उनके पास कुल जमा एक बीघा ही जमीन है, जिससे उनके पूरे परिवार का भरण-पोषण होता है. जब उन्होंने यह जमीन देने से साफ इनकार कर दिया, तो पूजा को प्रताड़ित किया जाने लगा और मायके से मोटी रकम लाने के लिए मजबूर किया जाने लगा.

प्रताड़ना की हद: बाल काटने का भी आरोप

पीड़ित पिता ने ससुराल पक्ष पर क्रूरता का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में भी उनकी बेटी को बंधक बनाकर पीटा गया था और उसके बाल तक काट दिए गए थे. हद तो तब हो गई जब पूजा अस्पताल में जिंदगी की अंतिम सांसें गिन रही थी, तब भी उसका पति या ससुराल का कोई भी सदस्य उसे देखने अस्पताल नहीं पहुंचा.

Dowry Death: पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही जेएलएनएमसीएच परिसर स्थित बरारी कैंप थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और उसका पोस्टमार्टम कराया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के पिता के बयान और लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और प्राथमिक साक्ष्यों के संकलन के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >