Bhagalpur news रेफरल अस्पताल के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण व जल जमाव से परेशानी

सुलतानगंज रेफरल अस्पताल के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण और जल जमाव की समस्या पर अस्पताल प्रभारी डॉ कुंदन भाई पटेल ने गंभीर चिंता व्यक्त की है.

सुलतानगंज रेफरल अस्पताल के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण और जल जमाव की समस्या पर अस्पताल प्रभारी डॉ कुंदन भाई पटेल ने गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने एसडीओ, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी, सीओ, बीडीओ और थानाध्यक्ष को आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. डॉ पटेल ने बताया कि अस्पताल के मुख्य गेट समीप एक अवैध दुकान का संचालन किया जा रहा है. दुकान संचालिका के पास किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं है, फिर भी लंबे समय से वह स्थान पर कब्जा जमाये है. इस अवैध अतिक्रमण से अस्पताल दूर से दिखाई नहीं देता, जिससे आपातकालीन मरीजों को अस्पताल पहचानने व पहुंचने में कठिनाई होती है. अस्पताल प्रभारी ने कहा कि राष्ट्रीय कायाकल्प कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय टीम का निरीक्षण जल्द होने वाला है. ऐसे में मुख्य द्वार के पास की अव्यवस्था अस्पताल की स्वच्छ छवि पर असर डाल सकती है. उन्होंने प्रशासन से अवैध दुकान हटाने और क्षेत्र को साफ-सुथरा करने की मांग की है, ताकि टीम निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्थिति मानक के अनुरूप रहे. डॉ पटेल ने एक अलग पत्र में नगर परिषद और बीडीओ से जल मीनार के पास अनावश्यक जल निकासी पर रोक लगाने का अनुरोध किया है. उन्होंने बताया कि इस निकासी से अस्पताल परिसर में लगातार जल जमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे मरीजों और अस्पताल कर्मियों को काफी परेशानी होती है.

जाम से परेशानी से लोग हुए परेशान

धनतेरस पर शनिवार को खरीदारी की भीड़ से जाम की समस्या बनी रही. मुख्य चौक, स्टेशन रोड, अपर रोड, थाना रोड, कृष्णगढ़ और घाट रोड सहित शहर के अधिकता मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. सुबह से ही लोग दीपावली की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे, लेकिन वाहनों की अधिकता और अनियंत्रित पार्किंग से यातायात व्यवस्था चरमरा गयी. जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से कई बार छुड़ाया गया, फिर भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी. खासकर मुख्य बाजार और स्टेशन रोड में छोटे-बड़े वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश से स्थिति विकट हो गयी. शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की संख्या इतनी अधिक थी कि बाजार में कदम रखने तक की जगह नहीं बची. जाम में फंसे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >