भागलपुर : माता विषहरी की तीन दिवसीय पूजा बुधवार को भव्य तरीके से संपन्न हो गयी. पूजा को लेकर शहर में तीन दिनों तक उल्लास और श्रद्धा का माहौल बना रहा. श्रद्धालुओं ने माता से सुख-समृद्धि और धन-धान्य की कामना कर उन्हें विदाई दी. बुधवार को दोपहर बाद चंपानगर पुल घाट से प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू होगा, जबकि देर रात तक मुसहरी घाट स्थित कृत्रिम तालाब में भी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जायेगा.
इससे पहले शाम चार बजे रेलवे स्टेशन चौक से विसर्जन शोभायात्रा निकाली जायेगी. केंद्रीय समिति की ओर से शोभायात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
महिलाओं ने माता को दिया खोइछा
मंदिरों और पूजा स्थलों से प्रतिमाओं के निकलने से पहले महिलाओं ने माता विषहरी को खोइछा दिया. इसके बाद नम आंखों से माता को विदाई दी गयी. चंपानगर स्थित प्राचीन मुख्य विषहरी मंदिर की प्रतिमा के विसर्जन के बाद मंदिर परिसर में शांति पूजन का आयोजन किया जायेगा. पंडा संतोष झा वैदिक विधि-विधान से मां मनसा विषहरी की शांति पूजा संपन्न करायेंगे.
स्टेशन चौक से निकलेगी शोभायात्रा
मनसा विषहरी केंद्रीय समिति के पदाधिकारी विसर्जन शोभायात्रा की तैयारियों में जुटे रहे. सबसे पहले परबत्ती की प्रतिमा स्टेशन चौक पहुंचेगी. यहां समिति के सदस्य और श्रद्धालु विधिवत आरती करेंगे. इसके बाद सभी प्रतिमाओं को कतारबद्ध कर घाट की ओर रवाना किया जायेगा.
केंद्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष भोला कुमार मंडल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप कुमार, महासचिव शशि शंकर राय, छंगुरी शर्मा, पिंकी बागोरिया सहित अन्य सदस्य अलग-अलग पूजा स्थलों का भ्रमण कर प्रतिमाओं को कतारबद्ध करने की तैयारी में जुटे रहे.
पारंपरिक हथियारों से करतब दिखायेंगे युवा
शोभायात्रा शुरू होने से पहले स्टेशन चौक पर विभिन्न पूजा समितियों से जुड़े युवा भाला और लाठी सहित पारंपरिक हथियारों से करतब दिखायेंगे. शहर के विभिन्न मंदिरों और पूजा स्थलों में स्थापित करीब 116 प्रतिमाओं का अलग-अलग घाटों पर श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया जायेगा.
अलग-अलग घाटों पर होगा विसर्जन
चंपानगर और नाथनगर क्षेत्र में स्थापित 11 प्रतिमाओं का विसर्जन दोपहर एक बजे से शुरू होकर देर शाम तक चलेगा. रिफ्यूजी कॉलेज में स्थापित 20 प्रतिमाओं का विसर्जन समीप स्थित टैंक घाट के अस्थायी तालाब में किया जायेगा.
मुख्य शहर के गौशाला, नया बाजार, आरके लेन, काजीवलीचक, इशाकचक, ईश्वरनगर, गुदड़गंज, साहेबगंज, अंबाबाग, भीखनपुर, बड़ी खंजरपुर, छोटी खंजरपुर, तिलकामांझी, वारसलीगंज, गोलाघाट, उर्दू बाजार, आनंद चिकित्सालय रोड, कुतुबगंज, इशाकचक पासीटोला और रामसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित 32 प्रतिमाओं का विसर्जन मायागंज अस्पताल के पीछे बने कृत्रिम तालाब में किया जायेगा.
विसर्जन मार्ग पर सजा मेला
प्रतिमाएं स्टेशन चौक से खलीफाबाग चौक, कोतवाली चौक, नया बाजार चौक, आदमपुर चौक, छोटी खंजरपुर और बड़ी खंजरपुर होते हुए घाट तक पहुंचेंगी. विसर्जन मार्ग पर मेला भी सजाया जा रहा है. खिलौने और खाने-पीने की दुकानों के स्टॉल लगाये गये हैं. वहीं मुसहरी घाट पर देर रात तक मेला लगेगा. इसे लेकर दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं.
