Bhagalpur News: स्नान करने के दौरान तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत
प्रतिनिधि, पीरपैंती
इशीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर में तालाब में नहाने गये दो बच्चों की शुक्रवार की शाम पानी में डूबने से मौत हो गयी. दोनों के डूबने की जानकारी उनके साथियों ने तुरंत दौड़कर उनके परिजनों को दी. जब तक उनके परिजन तालाब पहुंच कर बच्चों को पानी से बाहर निकाले, दोनों की मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना पर इशीपुर थाना के अनि रोहित कुमार पासवान सदलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया. मृतकों के परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजीत राम का पुत्र ऋषि उर्फ करण (8) व प्रभु राम का पुत्र विक्रम (10) अपने साथियों के साथ स्नान करने गांव के पश्चिम भगत जी पोखर गये थे. एकाएक दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गये. जिसे देख उसके साथी बच्चे घबरा गये व भाग कर परिजनों को घटना की जानकारी दी. उनके आने व बच्चों को निकालने तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।