Bhagalpur news सुलतानगंज में प्रगणक-पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

सुलतानगंज में भारत की जनगणना 2027 की प्रशासनिक तैयारी तेज हो गयी है.

सुलतानगंज में भारत की जनगणना 2027 की प्रशासनिक तैयारी तेज हो गयी है. प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण व मकान गणना कार्य के लिए सुलतानगंज नगर परिषद कार्यालय में प्रगणक व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है. चार्ज पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के पत्र के अनुसार, स्व गणना का कार्य 17 अप्रैल से 1 मई तक निर्धारित किया गया है, जबकि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक स्तर पर गणना कार्य दो से 31 मई तक संपन्न किया जायेगा.

चार बैच में होगा प्रशिक्षण

नगर परिषद सभागार में 13 से 24 अप्रैल तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है. कुल 148 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को चार बैच में विभाजित कर प्रत्येक बैच में 37-37 कर्मियों को अलग-अलग तिथियों में प्रशिक्षण दिया जायेगा. सभी संबंधित शिक्षकों व कर्मियों को समय पर प्रशिक्षण में भाग लेना अनिवार्य किया गया है, जिसकी सूची जारी कर दी गयी है.

प्रखंड स्तर पर भी प्रशिक्षण

चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ संजीव कुमार ने अलग से आदेश जारी कर बताया कि प्रखंड सुलतानगंज में नामित प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण 16 से 24 अप्रैल तक तीन चरणों में प्रखंड कार्यालय भवन में आयोजित किया जायेगा. प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक चलेगा.

जनगणना कार्य में लापरवाही पर सख्त प्रावधान

बीडीओ ने बताया कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत यह कार्य अनिवार्य है. यदि कोई भी व्यक्ति जनगणना कार्य से इंकार करता है या इसमें बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ 1000 रुपये तक जुर्माना और तीन वर्ष तक की सजा का प्रावधान है.

फरवरी 2027 में होगी जनसंख्या गणना

प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण व गणना मई 2026 में पूरी की जायेगी, जबकि द्वितीय चरण में वास्तविक जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में की जायेगी. प्रशासन ने सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों और फील्ड ट्रेनरों को निर्देश दिया है कि वह निर्धारित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल हों, क्योंकि प्रशिक्षण अवधि में किसी प्रकार का अवकाश मान्य नहीं होगा. जनगणना को लेकर शुरू हुई यह तैयारी आने वाले समय में सटीक आंकड़ों के आधार पर योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >