bhagalpur news. गमछे से फंदा लगा कर टोटो चालक ने की आत्महत्या

विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज पीतांबर चौक निवासी बबलू साह के पुत्र मनीष कुमार (24) ने गमछे के बने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली है.

विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज पीतांबर चौक निवासी बबलू साह के पुत्र मनीष कुमार (24) ने गमछे के बने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली है. घटना मंगलवार की है. मंगलवार की रात जब मनीष कमरे से नहीं निकला, तो उसकी मां उसे देखने गयी. वह फंदे से लटक रहा था. आनन फानन में उसे नीचे उतारा गया, उस समय उसकी सांसे चल रही थी. फिर उसे इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के क्रम में देर रात उसकी मृत्यु हो गयी. घटना के बाद मायागंज स्थित बरारी कैंप थाने की पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. घटना की बाबत मृतक के पिता बबलू साह ने पुलिस के समक्ष बयान दिया है. परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि मनीष मानसिक रूप से सुस्त था, लेकिन वह टोटो चला कर अपने परिवार का गुजर बसर करता था. घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. इस कारण मनीष और ज्यादा तनाव में रहता था. परिजनों ने यह भी बताया कि मनीष इन दिनों नशे का सेवन भी करने लगा था. पिता ने बताया कि जिस समय घटना हुई वह घर से बाहर थे. रात्रि करीब आठ बजे वह घर पहुंचा, तो देखा कि मनीष की मां रीना देवी बाहर में बैठी हुई थी और मनीष कमरे के अंदर था. घर आने के बाद ही जब वह कमरे के अंदर गया तो देखा कि मनीष टीन वाले छत के नीचे लगे बांस के सहारे लटक रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय थाने की पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की है. पिता ने बताया कि वे लोग इन दिनों घोर आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं. इकलौता पुत्र मनीष ई रिक्शा चला कर जो लाता था, उसी से वे लोग भरण पोषण करते थे. पिता ने किसी प्रकार का कर्ज होने की बात से इनकार किया है. मृतक माता पिता और तीन बहनों से भरे पूरे परिवार को छोड़ गया है. घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. इधर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >