टीएमबीयू में सालों बाद शिक्षकेतर कर्मचारियों की प्रोन्नति की तैयारी, 8 सदस्यीय कमेटी गठित

भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट टीएमबीयू में सालों से लंबित शिक्षकेतर कर्मियों प्रोन्नति देने के लिए कवायद तेज हो गयी है. प्रोन्नति को लेकर विवि प्रशासन

भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट

TMBU Employee Promotion : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में वर्षों से लंबित शिक्षकेतर कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ने लगी है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रोन्नति संबंधी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आठ सदस्यीय समिति का गठन किया है. समिति दस्तावेजों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रभारी कुलपति को सौंपेगी.

TMBU Employee Promotion : प्रोन्नति प्रक्रिया के लिए बनी 8 सदस्यीय कमेटी

प्रभारी कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा के निर्देश पर रजिस्ट्रार प्रो. रामाशीष पूर्वे ने समिति गठन की अधिसूचना जारी की है. इस समिति के संयोजक स्वयं रजिस्ट्रार प्रो. रामाशीष पूर्वे बनाए गए हैं.

समिति में सिंडिकेट सदस्य डॉ. केके मंडल, डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा, कॉलेज इंस्पेक्टर प्रो. रंजना दुबे, वित्त पदाधिकारी ब्रज किशोर प्रसाद, बजट पदाधिकारी डॉ. एएन सहाय और प्रशाखा पदाधिकारी सर्वानंद प्रसाद को सदस्य बनाया गया है. वहीं परीक्षा विभाग के सहायक असीम कुमार समिति को प्रोन्नति संबंधी कार्यों में सहयोग करेंगे.

दस्तावेजों की जांच के बाद सौंपी जाएगी रिपोर्ट

समिति शिक्षकेतर कर्मचारियों की प्रोन्नति से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच करेगी. जांच पूरी होने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रभारी कुलपति को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

15 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि लोकभवन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार टीएमबीयू सहित राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को 15 सितंबर तक कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी करनी है. इसी निर्देश के अनुपालन में समिति का गठन किया गया है.

समिति के एक सदस्य को लेकर शुरू हुआ विरोध

समिति के गठन के साथ ही विवाद भी शुरू हो गया है. विश्वविद्यालय के कुछ कर्मचारियों ने समिति में शामिल एक सदस्य पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन को आवेदन सौंपा है.

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मचारी पर पूर्व में एक महाविद्यालय के प्रशाखा पदाधिकारी की प्रोन्नति प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप लगे थे. कर्मचारियों का दावा है कि इस मामले से जुड़े आरोपों की पुष्टि उच्च न्यायालय में भी हो चुकी है. आवेदन में संबंधित सदस्य पर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं.

कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांग को मिली रफ्तार

टीएमबीयू के कर्मचारी एवं सीनेट सदस्य रंजीत कुमार ने कहा कि शिक्षकेतर कर्मचारियों की प्रोन्नति की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी. वर्षों से प्रोन्नति नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों में नाराजगी थी. उन्होंने कहा कि लोकभवन के स्पष्ट निर्देश के बाद अब उम्मीद है कि 15 सितंबर तक प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी कर कर्मचारियों को इसका लाभ मिल जाएगा.

ये भी पढ़ें : मानसून फिर हुआ सुस्त, बिहार के 18 जिलों में येलो अलर्ट, जानिए कब होगी झमाझम बारिश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Arfin zubair

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >