भवानीपुर थाना परिसर से थाना में प्रतिनियुक्त रिजर्व गार्ड दिलीप कुमार यादव के आर्म्स बैग में रखे दो मैगजीन व 35 चक्र गोली सिपाही बैरक से चोरी होने का मामला सामने आया है. मामले में रिजर्व गार्ड ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर बताया कि 22 फरवरी की दोपहर 12 बजे दस दिन के अवकाश पर गया. सात मार्च को सुबह 7.35 बजे वापस लौटा. इस दौरान आर्म्स व गोली चेक किया तो पाया कि नौ एमएम का कारबाईन सही है, लेकिन बैग में रखे दो मैगजीन और 35 चक्र गोली की चोरी हो गयी है. गार्ड ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करा पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. मामले की जांच कांड का अनुसंधानकर्ता पुअनि हरिश्चंद्र उपाध्याय कर रहे है. मौजूद सभी कर्मियों से पूछताछ की गयी, लेकिन कोई कुछ नहीं बता पाया. उसी दिन एसपी नवगछिया भवानीपुर थाना जांच को आयी, तो उन्हें भी मामले की जानकारी दी गयी.
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासाजानकारी के अनुसार भवानीपुर थाना में लगे सीसीटीवी कैमरे की बारीकी से जांच की गयी. कैमरे की बैक हिस्ट्री देखने के लिए पुलिस कर्मियों को लगाया गया था. सोमवार की रात सीसीटीवी फुटेज में चोरी की गतिविधि का फुटेज सामने आने पर मंगलवार के दिन सभी को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है.
जांच में जुटी पुलिस भवानीपुर थाना में करीब आठ वर्षों से रसोईया का काम कर रहे नारायणपुर चकरामी के कमल किशोर मालाकार के पुत्र राजन कुमार पर मैगजीन सहित गोली चोरी का आरोप है. बताया जा रहा है कि वह थाना परिसर में कहीं भी स्वतंत्र रूप से आ-जा सकता था. राजन पर चोरी की गोली बेच कर स्मैक सेवन का भी आरोप है. जानकारी के अनुसार राजन पर थाना से की गई चोरी की गोली को नारायणपुर के लालमोहन यादव का पुत्र दिवाकर यादव को बेचने व दिवाकर पर नगरपारा के त्रिभुवन सिंह का पुत्र गंभीर कुमार के यहां चोरी की गोली बेचने का आरोप है. भवानीपुर थानाध्यक्ष शुंभ कुमार ने बताया कि बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में स्वास्थ्य जांच के बाद तीनों को स्मैक व गोली चोरी मामले में जेल भेज दिया गया है. रिजर्व गार्ड को किया निलंबित एसपी नवगछिया ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि कांड में संलिप्त निजी रसोइया सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गयी दो मैगजीन एवं 35 कारतूस बरामद किया गया है. साथ ही गिरफ्तार दिवाकर के पास से 15 ग्राम स्मैक बरामद की गई है. वहीं दिलीप कुमार यादव द्वारा शस्त्र के रखरखाव में बरती गई लापरवाही के लिए तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र वापस किया गया.