bhagalpur news. 14 करोड़ बिहारी एक-एक कदम बढ़ायेंगे, तो बिहार 14 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा - डीडीसी

बिहार को दुगुनी गति से आगे बढ़ना होगा, तभी बिहार तरक्की करेगा. हमारे पिछड़ेपन का कारण अंग्रेजों द्वारा दोहन किया जाना है

बिहार को दुगुनी गति से आगे बढ़ना होगा, तभी बिहार तरक्की करेगा. हमारे पिछड़ेपन का कारण अंग्रेजों द्वारा दोहन किया जाना है. 14 करोड़ बिहारी अगर एक एक कदम बढ़ाएंगे, तो बिहार 14 करोड़ कदम आगे बढ़ जायेगा. बड़े होने के बाद अपनी जन्मभूमि का ऋण चुकाएं. उक्त बातें उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने रविवार को टाउन हॉल में कही. मौका था बिहार दिवस पर दो दिवसीय समारोह के शुभारंभ का. भागलपुर के उप विकास आयुक्त समारोह का उद्घाटन कर रहे थे. अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, डीआरडी निदेशक दुर्गा शंकर, निदेशक राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम अमर कुमार मिश्रा, कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन साथ थे. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसी क्रम में प्रभातफेरी, संगीत संध्या का आयोजन हुआ. उप विकास आयुक्त ने कहा कि बिहार दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अपने वैभवशाली, गौरवशाली एवं प्रभावशाली इतिहास को स्मरण करने का अवसर है. कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था, सामाजिक संरचना एवं नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना हम सभी की जिम्मेदारी है. सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था एवं अच्छी सड़कों की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए. साथ ही, सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे और वे योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसा कोई कार्य न करें जिससे बिहार एवं बिहारवासियों की छवि को ठेस पहुंचे. बेहतर प्रदर्शन करने वाले सम्मानित कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त ने खेल, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया. उद्घोषणा के क्षेत्र में आकाशवाणी के कुमार गौरव, काव्य पाठ के क्षेत्र में पूर्णेंदु चौधरी, वाद्य वादन में वैभव राज, पेंटिंग के क्षेत्र में जेवा परवीन, हस्त कला में प्रेम केडिया, संगीत के क्षेत्र में दिलजीत, फोटोग्राफी में कुमार अनुराग एवं नाटक में मोनिका कुमारी को सम्मानित किया गया. किलकारी के बच्चों ने बिहार गीत से मोहा मन किलकारी के बच्चों ने स्वागत गीत एवं बिहार राज्य गीत की प्रस्तुति दी, अतिथि मनमुग्ध हो गये. धनकटनी के बहार अगहनमा में गीत की प्रस्तुति पर दर्शकों को खूब झूमाया. दिलजीत ने पढ़ी लिखी बनबै किसान, चल चल गोरिया नदिया के पार है… लोकगीत पर श्रोताओं से वाहवाही लूटी. सुश्री शाम्भवी, सुश्री बेबो सिंह, सुश्री अद्वैता सिंह ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी. दुनिया किसी के प्यार में जन्नत से काम नहीं… देव भट्टाचार्य ने गजल की प्रस्तुति दी. दीक्षा ने शास्त्रीय नृत्य कत्थक की प्रस्तुति दी. कार्यक्रम का निर्देशन डीपीओ एजुकेशन बबीता कुमारी ने किया, तो धन्यवाद ज्ञापन कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >