टीएनबी कॉलेज में बवाल, बंद के दौरान तोड़फोड़, एक घंटे तक रजिस्ट्रार का घेराव

Bhagalpur University News : भागलपुर में इंटर्नशिप फीस विवाद को लेकर छात्र आंदोलन उग्र हो गया. एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने टीएनबी कॉलेज में जमकर हंगामा किया, प्रिंसिपल चेंबर में तोड़फोड़ की और बाद में विश्वविद्यालय पहुंचकर रजिस्ट्रार का घेराव कर दिया.

भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट : भागलपुर में छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान शुक्रवार को टीएनबी कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ. प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की और बाद में विश्वविद्यालय पहुंचकर रजिस्ट्रार का करीब एक घंटे तक घेराव किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा.

टीएनबी कॉलेज में की गयी तोड़फोड़

जानकारी के अनुसार बंदी के दौरान एबीवीपी नेताओं की टोली टीएनबी कॉलेज पहुंची, जहां प्रिंसिपल चेंबर के गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. बताया जा रहा है कि उस समय कॉलेज प्राचार्य क्लास ले रहे थे. इसके बाद प्रदर्शनकारी प्राध्यापक कक्ष तक पहुंच गए और वहां भी हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की.

विश्वविद्यालय पहुंचकर किया रजिस्ट्रार का घेराव

कॉलेज परिसर में प्रदर्शन के बाद छात्र नेताओं की टोली विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन पहुंची. यहां रजिस्ट्रार का करीब एक घंटे से अधिक समय तक घेराव किया गया. प्रदर्शनकारी छात्र इंटर्नशिप फीस और अन्य छात्रहित के मुद्दों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.

एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला

हंगामे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया. मौके पर पहुंचे एसडीएम ने छात्र नेताओं और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच वार्ता कराई. काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रदर्शनकारी छात्र वहां से वापस लौट गए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी.

इंटर्नशिप फीस को लेकर बढ़ा विवाद

छात्र नेताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय अंतर्गत कॉलेजों में इंटर्नशिप के नाम पर छात्रों से अवैध शुल्क वसूला जा रहा है.इसी मुद्दे को लेकर एबीवीपी लगातार आंदोलन कर रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन से शुल्क वापस लेने की मांग कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >