कहलगांव, भागलपुर से असद अशरफी की रिपोर्ट : 24 मई को दिल्ली में आयोजित होने वाले विशाल जनजाति समागम में भाग लेने के लिए कहलगांव, पीरपैंती और सन्हौला प्रखंडों से करीब 30 जनजातीय प्रतिनिधि रवाना हुए. जनजाति सुरक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर की लगभग 500 जनजातियों के डेढ़ लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है.
दिल्ली के लिए रवाना हुआ जनजातीय प्रतिनिधियों का जत्था
असद अशरफी, कहलगांव। जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले आयोजित होने वाले विशाल जनजाति समागम को लेकर भागलपुर जिले के जनजातीय समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इसी क्रम में कहलगांव, पीरपैंती एवं सन्हौला प्रखंडों से लगभग 30 जनजातीय प्रतिनिधि दिल्ली के लिए रवाना हुए. आयोजकों के अनुसार सभी प्रतिनिधि पहले भागलपुर से मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे और वहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.लाल किला मैदान में जुटेंगे देशभर के जनजातीय समाज
24 मई को दिल्ली के लाल किला मैदान में होने वाले इस समागम में देशभर की करीब 500 जनजातियों के डेढ़ लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
संस्कृति और परंपरा के संरक्षण का संदेश
जनजाति सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा. उन्होंने कहा कि अपने धर्म और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के संकल्प के साथ इतनी बड़ी संख्या में पहली बार जनजातीय समाज राजधानी दिल्ली में एक मंच पर जुटेगा.प्रतिभागी अपने खर्च पर पहुंच रहे दिल्ली
आयोजकों ने बताया कि इस समागम की सबसे खास बात यह है कि सभी प्रतिभागी अपने स्वयं के खर्च पर दिल्ली पहुंच रहे हैं. आयोजन को सफल बनाने के लिए 20 अलग-अलग विभागों का गठन किया गया है. दिल्ली में आने वाले प्रतिनिधियों के लिए आवास, भोजन-पानी, यातायात, चिकित्सा, सुरक्षा और स्वच्छता समेत तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम जनजातीय समाज की एकता और सामाजिक जागरूकता का बड़ा उदाहरण बनेगा.
