भागलपुर / सुलतानगंज : करम पर्व की खुशियां सोमवार सुबह उस वक्त मातम में बदल गयीं, जब पोखर में स्नान करने गये छह बच्चों की डूबने से मौत हो गयी. हादसा सुलतानगंज थाना क्षेत्र के उधाडीह पंचायत के तरैटा बहियार में हुआ. मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं. सभी की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बतायी जा रही है.
बताया गया कि करमा-धरमा पर्व के मौके पर बच्चे पोखर में स्नान करने गये थे. इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी पानी में उतर गये. देखते ही देखते छह बच्चे गहरे पानी में डूब गये. हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गयी.
एक को बचाने की कोशिश में छह बच्चे डूबे
बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण पोखर की ओर दौड़ पड़े. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद परिजन उन्हें सुलतानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने एक-एक कर सभी छह बच्चों को मृत घोषित कर दिया.
बच्चों की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गयी. पर्व के दिन जिन घरों में बच्चों के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अचानक मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
पांच बच्चे सुलतानगंज, एक सबौर का रहने वाला
मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, पिता धनंजय मंडल, निवासी रजंदीपुर, सबौर; मीनाक्षी कुमारी, पिता वाल्मीकि मंडल; आयुष कुमार, पिता विनोद मंडल; राहुल कुमार, पिता पूरब मंडल; पूजा कुमारी, पिता पूरन मंडल और विकास कुमार, पिता रंजन कुमार के रूप में हुई है.
बताया गया कि छह मृतकों में पांच बच्चे विष्णुटोला, नगर परिषद सुलतानगंज के वार्ड 27 के रहने वाले थे, जबकि ज्योति कुमारी रजंदीपुर, सबौर की निवासी थी.
पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजे गये शव
सभी छह बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
पर्व के गीतों की जगह गूंजती रही चीख-पुकार
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा रहा. जिन घरों में करम पर्व को लेकर सुबह से उत्साह था, वहां कुछ ही घंटों बाद रोने की आवाजें सुनाई देने लगीं. एक साथ छह बच्चों की मौत से गांव और आसपास का इलाका शोक में डूब गया.
