भागलपुर के नाथनगर में बनेगा गन्ना उद्योग विभाग का क्षेत्रीय कार्यालय भवन, अपर मुख्य सचिव ने मांगी रिपोर्ट

भागलपुर जिला अंतर्गत नाथनगर प्रखंड के बहादुरपुर मौजा में गन्ना उद्योग विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए आधुनिक और सभी सुविधाओं से युक्त भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है.

भागलपुर से संजीव झा की रिपोर्ट :

भागलपुर जिला अंतर्गत नाथनगर प्रखंड के बहादुरपुर मौजा में गन्ना उद्योग विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए आधुनिक और सभी सुविधाओं से युक्त भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के सेंथिल कुमार ने भवन निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर इस संबंध में जल्द से जल्द विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

82 डिसमिल सरकारी भूमि आवंटित

भागलपुर के जिलाधिकारी द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए नाथनगर के बहादुरपुर मौजा में 82 डिसमिल सरकारी भूमि गन्ना उद्योग विभाग को पहले ही उपलब्ध करायी जा चुकी है. भूमि उपलब्ध होने के बाद विभाग अब इस पर कार्यालय निर्माण और अन्य तकनीकी बुनियादी ढांचे को विकसित करने की तैयारी में तेजी से जुट गया है. इसके लिए पूर्व में भी भवन निर्माण विभाग से प्राक्कलन की मांग की गयी थी, जिसके प्राप्त नहीं होने के कारण रिमाइंडर भेजा गया है, ताकि विभाग स्तर से आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

प्रस्तावित भवन में होंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं

82 डिसमिल भूमि पर बनने वाले इस नए परिसर को बहुमंजिला और आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप डिजाइन किया जायेगा. इस भवन में गन्ना किसानों और संबंधित लोगों के लिए एक आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र बनेगा, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों के ठहरने के लिए आवास की भी व्यवस्था होगी. बाहर से आने वाले अतिथि प्रशिक्षकों और वैज्ञानिकों के ठहरने के लिए अटैच बाथरूम की सुविधा से युक्त दो विशेष कमरों का निर्माण किया जायेगा. परिसर में ही प्रशिक्षकों के लिए पर्याप्त संख्या में आवास और सामूहिक शौचालय की व्यवस्था की जायेगी. सहायक निदेशक (ईख विकास, भागलपुर) और ईख पदाधिकारी (भागलपुर) के लिए अलग-अलग सुसज्जित कार्यालय कक्ष और उनके अधीनस्थ कर्मियों के बैठने की उत्तम व्यवस्था होगी. आधुनिक संचार व्यवस्था से लैस एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, बैठक कक्ष और वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग एरिया का निर्माण किया जायेगा. बहुमंजिला इमारत की स्थिति में लिफ्ट की व्यवस्था होगी और प्रत्येक तल पर पर्याप्त संख्या में अटैच व सामूहिक बाथरूम बनाये जायेंगे.

किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

भागलपुर प्रमंडल में गन्ना उत्पादन और ईख विकास की संभावनाओं को देखते हुए इस क्षेत्रीय कार्यालय का निर्माण काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और वैज्ञानिकों के रहने की व्यवस्था होने से स्थानीय किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, कीट प्रबंधन और वैज्ञानिक तौर-तरीकों की जानकारी सीधे अपने जिले में ही मिल सकेगी. इससे न सिर्फ गन्ना उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र में गन्ना आधारित रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeev kumar jha

संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >