भागलपुर : सिल्क सिटी भागलपुर में 17 सितंबर गुरुवार को शिल्पराज भगवान विश्वकर्मा की पूजा धूमधाम से होगी. शहर के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सोनापट्टी, लोहापट्टी, ऑटोमोबाइल शोरूम, वाहन एजेंसियों और व्यावसायिक केंद्रों में पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. पूजा के अगले दिन 18 सितंबर शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का विभिन्न जलाशयों में विसर्जन किया जाएगा.
अंतिम चरण में पहुंचा प्रतिमा निर्माण का काम
अंबे के मूर्तिकार रंजीत पंडित ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है. जिले के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिमा निर्माण के ऑर्डर मिले थे. अधिकांश स्थानों के लिए प्रतिमाएं तैयार कर ली गयी हैं. फिलहाल प्रतिमाओं की सजावट और चेहरे को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है.
मूर्तिकार विजय गुप्ता ने भी बताया कि प्रतिमाओं को सजाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है. अब पूजा स्थलों तक प्रतिमाएं पहुंचाने की तैयारी है.
शिल्पराज विश्वकर्मा के स्वागत को तैयार सिल्क सिटी
भगवान विश्वकर्मा के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न संस्थानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. बुधवार देर शाम तक पूजा की तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी. इंजीनियरिंग कॉलेज, ट्रिपल आइटी, कृषि विश्वविद्यालय, सीपैट, आइटीआइ और पॉलिटेक्निक संस्थानों के अलावा रेलवे, विभिन्न मोटर गैराज, ऑटोमोबाइल सेक्टर के शोरूम, वाहन एजेंसियों और बिजली उपकेंद्रों में पूजा की तैयारी चल रही है.
सोनापट्टी में भजन संध्या, 18 सितंबर को बंद रहेगा सर्राफा बाजार
सोनापट्टी में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर दोपहर 12 बजे पूजा-अर्चना करायी जाएगी. जिला स्वर्णकार संघ के पूर्व सचिव विजय साह ने बताया कि शाम को भजन संध्या का आयोजन होगा. शुक्रवार को प्रतिमा विसर्जन के कारण पूरा सर्राफा बाजार बंद रहेगा. पूजा की तैयारियों में अध्यक्ष शिव कुमार वर्मा, पूर्व सचिव विजय साह और सचिव संजय पोद्दार समेत अन्य लोग जुटे हैं.
रेलवे से ऑटोमोबाइल शोरूम तक होगी पूजा
रेलवे के इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विभाग के अलावा लोको, आइओडब्ल्यू और पीडब्ल्यूआई में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा विधि-विधान से होगी. वहीं रानी तालाब, सबौर रोड स्थित लगुन हुंडई के मुख्य शोरूम और औद्योगिक क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स के सर्विसिंग शोरूम में भी पूजा-अर्चना की जाएगी. पूजा के अवसर पर पुराने ग्राहकों को भी आमंत्रित किया गया है.
इसके अलावा चिंताहरणेश्वर महादेव-महावीर मंदिर, अलीगंज स्थित मारुति शोरूम, शर्वा टीवीएस, हीरो शोरूम और पटल बाबू रोड स्थित होंडा शोरूम में भी विश्वकर्मा पूजा होगी. अलीगंज क्षेत्र के विभिन्न वाहन शोरूम में वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तैयारी की जा रही है.
