श्रावणी मेला कल से, बरारी घाट पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और रोशनी के साथ नगर निगम की पूरी तैयारी

Shravani Mela 2026 : भागलपुर में आज से श्रावणी मेला शुरू हो रहा है. बरारी पुल से सीढ़ी घाट तक निगम ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और रोशनी की पुख्ता व्यवस्था की है.

Shravani Mela 2026 : सावन माह और विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला गुरुवार से शुरू हो रहा है. इसे लेकर भागलपुर नगर निगम ने बरारी पुल घाट से लेकर सीढ़ी घाट तक व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. हर वर्ष बड़ी संख्या में कांवरिया इन्हीं घाटों से गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होते हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं.

सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था

नगर निगम ने बरारी पुल घाट से सीढ़ी घाट तक पानी में बैरिकेडिंग कराई है. इसका उद्देश्य कांवरियों को गहरे पानी में जाने से रोकना और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को कम करना है. मेला अवधि में इन घाटों पर सबसे अधिक भीड़ जुटती है, इसलिए सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है.

महिला श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम

महिला कांवरियों की सुविधा को देखते हुए बरारी पुल घाट और सीढ़ी घाट पर अलग-अलग चेंजिंग रूम तैयार किए गए हैं. इससे महिलाओं को स्नान के बाद वस्त्र बदलने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा.

रोशनी और सफाई पर विशेष जोर

नगर निगम ने घाटों पर बंद पड़ी लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया है. जहां पहले प्रकाश की व्यवस्था नहीं थी, वहां नई लाइटें लगाई गई हैं. इसके साथ ही पूरे सावन माह घाटों की नियमित सफाई, चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके.

निगम कर्मी और गार्ड रहेंगे तैनात

श्रावणी मेला के दौरान घाटों पर नगर निगम के कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सफाई, निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी. बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी भीड़ को देखते हुए बरारी पुल घाट पर निगम के गार्ड भी तैनात किए गए थे. निगम का कहना है कि पूरे सावन माह श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार जारी रहेंगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >