भागलपुर : भागलपुर के मधुश्री कॉलोनी निवासी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार संदीप मिश्रा ने अपनी नई पुस्तक ‘द जर्नी ऑफ राइजिंग यूपी’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को नई दिल्ली में भेंट की. पुस्तक में उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, नीतिगत बदलावों और शासन व्यवस्था में आए परिवर्तनों का विश्लेषण किया गया है.
‘बिमरू’ छवि से विकास के प्रमुख केंद्र तक का सफर
पुस्तक में उत्तर प्रदेश की पुरानी ‘बिमरू’ राज्य वाली छवि से लेकर विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने तक की यात्रा को विभिन्न केस स्टडीज के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है. इसमें कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, किसान, आध्यात्मिक पर्यटन और आर्थिक विकास जैसे विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया है.
विश्व बैंक, संयुक्त राष्ट्र और IMF के आंकड़ों का उल्लेख
संदीप मिश्रा ने पुस्तक में विश्व बैंक, संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की रिपोर्ट और आंकड़ों का इस्तेमाल किया है. इनके आधार पर उत्तर प्रदेश के सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक बदलावों का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है.
विधानसभा चुनाव से पहले यूपी के विकास पर केंद्रित पुस्तक
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. ऐसे समय में राज्य के विकास और शासन व्यवस्था पर केंद्रित इस पुस्तक का प्रकाशन हुआ है. भाजपा की ओर से भी संगठनात्मक स्तर पर चुनावी तैयारियां की जा रही हैं.
भागलपुर से राष्ट्रीय स्तर तक लेखन की पहचान
मधुश्री कॉलोनी निवासी संदीप मिश्रा भारतीय राजनीति, शासन, इतिहास और अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़े विषयों पर लेखन करते रहे हैं. अपनी इस पुस्तक में उन्होंने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों को आंकड़ों, नीतियों और विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाने का प्रयास किया है.
पुस्तक के प्रकाशन पर संदीप मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हो रहे बदलाव को केवल आंकड़ों के माध्यम से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी समझने की जरूरत है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि पुस्तक पाठकों को उत्तर प्रदेश में हुए विकास और बदलाव के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराएगी.
