Prabhat Khabar Impact : सैदपुर दुर्गा मंदिर को बाढ़ और नदी कटाव के खतरे से बचाने के लिए आखिरकार ग्रामीण कार्य विभाग सक्रिय हो गया है. प्रभात खबर द्वारा 12 जुलाई से लगातार प्रमुखता के साथ मंदिर की सुरक्षा को लेकर खबरें प्रकाशित किए जाने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और सुरक्षात्मक कार्य शुरू करा दिया.
कार्यपालक अभियंता ने किया स्थल निरीक्षण
मंगलवार को ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ई. रविंद्र शर्मा ने क्षतिग्रस्त सड़क और दुर्गा मंदिर के समीप कटाव प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मापी कराई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल मंदिर की सुरक्षा के लिए बम्बू पाइलिंग का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. निर्देश मिलते ही विभाग की ओर से सुरक्षात्मक कार्य प्रारंभ कर दिया गया.
कटाव से मंदिर पर मंडरा रहा था खतरा
लगातार हो रहे नदी कटाव के कारण सैदपुर दुर्गा मंदिर और आसपास का क्षेत्र खतरे की जद में आ गया था. स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से मंदिर की सुरक्षा के लिए विभाग से स्थायी उपाय करने की मांग कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों में चिंता बढ़ रही थी.
ग्रामीणों ने जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे. उन्होंने उम्मीद जताई कि समय रहते सुरक्षात्मक कार्य पूरा होने से मंदिर, सड़क और आसपास के इलाके को बाढ़ एवं कटाव से सुरक्षित रखा जा सकेगा. ग्रामीणों ने कहा कि अब प्रशासन की पहल से लोगों में राहत की उम्मीद जगी है.
खबर का दिखा असर
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रभात खबर द्वारा लगातार प्रकाशित खबरों के बाद ही विभाग की नींद टूटी और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कराई. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आगे भी सुरक्षा कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा, ताकि आगामी बाढ़ के दौरान किसी तरह का नुकसान नहीं हो.
