समीक्षा भवन में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में भागलपुर के सभी कार्यालय प्रधान, सभी एसडीओ, बीडीओ व सीओ के साथ प्राथमिकता सूची वाले लंबित कार्यों को लेकर बैठक हुई. डीएम ने कहा कि कैबिनेट के निर्णय पर प्रखंड स्तर पर महीने में कम से कम दो बार समन्वय की बैठक होनी चाहिए. दो विभागों में किसी तरह के समन्वय का मुद्दा है, तो उसका निदान जिला स्तर के पदाधिकारी करें. अंचल अधिकारी दाखिल खारिज व परिमार्जन के मामले में अच्छा काम कर रहे हैं. लेकिन उनके अंचल की जो शिकायतें हैं, उनका वह एक फोल्डर बना लें. ऐसी व्यवस्था करें कि शिकायतकर्ताओं को दोबारा नहीं आना पड़े. प्रत्येक विभाग के पदाधिकारी का यह दायित्व है कि वह अपने विभाग के कार्यों के प्रदर्शन में सबसे नीचे वाले तीन प्रखंडों का चयन करें. वहां स्वयं भ्रमण कर उसकी समीक्षा करें. उसे आगे बढ़ाने का प्रयास करें. बीडीओ अपने यहां कम से कम तीन खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के दुकानों का निरीक्षण करें. जिओ टैग्ड सामग्री जर्दालू आम व सिल्क का निर्यात बढ़ाएं. बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. ——————- किसान सम्मान निधि के लिए शिविर छह से नौ तक किसान सम्मान निधि और ई केवाइसी के लिए छह से नौ जनवरी तक शिविर आयोजित होगा. सरकार के स्तर पर इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. लिहाजा ई केवाइसी व किसान सम्मान निधि के कार्यों का ससमय निष्पादन अनिवार्य रूप से करने कहा गया. डीइओ को निर्देशित किया गया कि शिक्षकों के मामले में अनुशासन का अनुपालन करायें. ——————- हेल्थ सेंटरों को ठीक करें सभी एसडीओ एसडीओ को निर्देशित किया कि वह जब भी क्षेत्र भ्रमण करें, तो हेल्थ सेंटर को ठीक कराएं. निकू और पिकू का बेड खाली न रहे. अस्पताल में जहां सर्जन हैं वहां ऑपरेशन क्यों नहीं हो रहा है. सिविल सर्जन इसकी समीक्षा करें. आशा और ममता सही से काम करें, इसे सिविल सर्जन सुनिश्चित करें. आम, मक्का, जूस, फूल, बेलपत्र के उत्पादन को प्रोत्साहित करें डीएम ने कहा कि छोटे-छोटे स्थानीय उद्योग को प्रोत्साहित करना है. भागलपुर में आटा, चावल सहित स्थानीय सामग्री निर्माण किया जा रहा है. जीविका द्वारा जो खाद्य आइटम बनाये जा रहे हैं, उसमें आम, मक्का, जूस, फूल, बेलपत्र है. इन सभी के उत्पादन को प्रोत्साहित करना है. इसके लिए जीएमडीआइसीटी एक बैठक कराये. प्रयास करें कि स्थानीय स्तर पर उनके बाजार उपलब्ध हो. ————– हर प्रखंड में प्रसिद्ध स्थलों का चयन कर होगा विकास भागलपुर के पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने प्रखंड के एक प्रसिद्ध स्थल का चयन करने और उसके विकास के लिए एक समिति का गठन करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा, वहां साफ-सफाई की व्यवस्था विकसित हो. चप्पल व जूते रखने की व्यवस्था हो. सीसीटीवी कैमरे लगाये जायें. उस स्थल का एक स्क्रिप्ट भी अच्छी तरह से लिखा जाये, ताकि लोग उसे जान सकें और वहां भ्रमण कर सकें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
