भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट Bhagalpur News : डीएवी पब्लिक स्कूल बरारी, भागलपुर में 18 मई से 22 मई 2026 तक आयोजित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सोपान स्काउट-गाइड शिविर का समापन शुक्रवार को दीक्षांत सह समापन समारोह के साथ हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता पीरपैंती प्रखंड प्रमुख श्रीमती रश्मि कुमारी ने की. समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि रश्मि कुमारी, सहायक सचिव अमरनाथ सिंह, जिला संगठन आयुक्त स्काउट भागलपुर विपिन कुमार सिंह, स्काउट शिक्षक आशीष कुमार दास, जिला प्रशिक्षक मुकेश कुमार आजाद एवं जिला प्रशिक्षिका गाइड अनु प्रिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद नए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को स्कार्फ, वॉगल एवं सदस्यता बैज प्रदान कर विधिवत दीक्षित किया गया.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने स्वागत गीत, पेंटिंग, स्लोगन, हैंडीक्राफ्ट, एकल प्लास्टिक उपयोग नहीं करने का संदेश, सुमांक हैंड वॉश तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी. छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. विद्यालय के खेल प्रशिक्षक प्रमोद कुमार मंडल के नेतृत्व में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया.हर संभव सहयोग का आश्वासन
मुख्य अतिथि श्रीमती रश्मि कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने जिला संस्था को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा प्रतिभागियों को निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्राचार्य सहित पूरे विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा. इसकी जानकारी डीएवी पब्लिक स्कूल भागलपुर के स्काउट शिक्षक आशीष कुमार दास ने दी.
