भागलपुर जाली नोट और उसके पाकिस्तान कनेक्शन के मामले में मोतिहारी स्थित नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार नजरे सद्दाम के भागलपुर के भीखनपुर स्थित घर में छापेमारी के लिए बुधवार को एनआइए की टीम पहुंची थी. एनआइए के भागलपुर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. टीम में कुल छह सदस्य शामिल थे. सुबह 6 बजे से 11 बजे तक करीब पांच घंटे तक चली छापेमारी में टीम ने कई सामान जब्त किये. वहीं घर के हर एक कमरे की तलाशी ली गयी. घर में मौजूद हर एक सदस्य से एक-एक कर पूछताछ की गयी. छापेमारी के दौरान जब्त किये गये सामान में कैश, मोबाइल फोन, बैंक के दस्तावेज आदि शामिल हैं. हालांकि मामले में की गयी छापेमारी को लेकर न तो एनआइए की टीम ने कोई आधिकारिक जानकारी दी और न ही भागलपुर पुलिस ने. 11 बजे रेड खत्म होने के बाद एनआइए की टीम वापस लौट गयी. इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 3 स्थित बड़ी मस्जिद के समीप रहने वाले नजरे सद्दाम के घर एनआइए ने रेड की थी. टीम में एनआइए के पटना और रांची विंग के पदाधिकारी शामिल थे. इसका नेतृत्व पटना स्थित एनआइए विंग के इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार कर रहे थे. उनके साथ पटना से ही आये एसआइ मनीष कुमार राय, रांची विंग से आये एएसआइ प्रभाकर कुमार, पटना के कांस्टेबल मुकेश कुमार सहित महिला सिपाही अंजली कुमारी और साक्षी शामिल थी. छापेमारी के दौरान घर में मौजूद नजरे सद्दाम के शिक्षक पिता मसीहउज्जमा सहित उसका भाई शादिक जमन व अन्य लोग मौजूद थे. टीम ने एक-एक कर घर के सभी सदस्यों से नजरे के संबंध में पूछताछ की. इसके बाद टीम ने घर के हर एक कमरे की संजीदगी से तलाशी ली. जिसमें टीम ने कैश, मोबाइल फोन, बैंक के पासबुक व अन्य दस्तावेजों को जब्त किया है. चर्चा है कि घर में मौजूद नजरे सद्दाम के कमरे में जाली नोटों, देश विरोधी कार्यों, विस्फोटों संबंधित कई दस्तावेज की बरामदगी हुई है. हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
