सुलतानगंज : सड़क हादसे में घायल बिहार पुलिस के नवनियुक्त जवान की मौत, एनएच-80 पर शव रखकर परिजनों का हंगामा

सुलतानगंज थाना क्षेत्र के गनगनिया पंचायत (वार्ड संख्या 9) में बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से जख्मी 22 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी.

सुलतानगंज से डबलू की रिपोर्ट : सुलतानगंज थाना क्षेत्र के गनगनिया पंचायत (वार्ड संख्या 9) में बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से जख्मी 22 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान गनगनिया निवासी भुवनेश्वर मंडल के सबसे छोटे पुत्र के रूप में हुई है, जिसका हाल ही में बिहार पुलिस में चयन हुआ था. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को भागलपुर-मुंगेर मुख्य सड़क मार्ग (NH-80) पर रखकर जाम कर दिया.

अस्पताल ले जाकर फरार हुआ बाइक सवार

मृतक युवक के पिता ने बताया कि विगत गुरुवार को एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनके पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी थी. टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मानवता दिखाते हुए युवक को इलाज के लिए अस्पताल तो ले गया, लेकिन डॉक्टरों द्वारा इलाज शुरू किए जाने से पहले ही वह चुपके से वहां से फरार हो गया. परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित इलाज न मिल पाने के कारण शुक्रवार को युवक ने दम तोड़ दिया.

मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े परिजन

युवक की मौत के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने NH-80 को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे परिजनों की मांग थी कि दोषी बाइक सवार की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाये और उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो. पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा राशि दी जाये. परिजनों ने साफ कहा कि जब तक प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे जाम नहीं हटायेंगे. सड़क जाम होने के कारण हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयीं.

पुलिस के आश्वासन के बाद हटा जाम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. प्रशासन ने आश्वासन दिया कि दोषी बाइक सवार को जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जायेगी और नियमानुसार देय मुआवजा राशि भी दिलायी जायेगी. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

घर का सबसे छोटा चिराग था मृतक, पुलिस में चयन से था खुशी का माहौल

परिजनों ने रोते हुए बताया कि मृतक अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा और होनहार था. उसका चयन बिहार पुलिस में हो गया था, जिससे पूरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल था. लेकिन इस प्रशासनिक सेवा में योगदान देने से पहले ही सड़क हादसे ने घर के चिराग को बुझा दिया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >