Bhagalpur news योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : ईओ

नगर परिषद सुलतानगंज कार्यालय में मंगलवार को कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई.

नगर परिषद सुलतानगंज कार्यालय में मंगलवार को कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई. डीएम के निर्देश पर आयोजित बैठक में स्वच्छता, अतिक्रमण, टैक्स वसूली, श्रावणी मेला की तैयारी और नगर व्यवस्था को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये गये. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार सभी कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता के साथ करने को कहा गया है. योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.शहर की साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग देने तथा सड़क पर कचरा नहीं फेंकने के सख्त निर्देश दिये. प्लास्टिक उपयोग की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ छापेमारी अभियान चलाने की बात कही.खराब पड़े सार्वजनिक शौचालय व यूरिनल को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित कर्मियों को दिया.

विवाह भवन व डीजे पर नियंत्रण

विवाह भवनों में रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. विवाह भवनों के उपयोग पर यूजर्स चार्ज लेने की बात बैठक में कही गयी. अतिक्रमण मुक्त शहर के लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिये गये.श्रावणी मेला को लेकर अभी से तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया गया. कांवरियों के सुगम आवागमन के लिए शहर में स्पष्ट रास्ता सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने, पीली पट्टी के भीतर ही दुकानों को लगाने तथा पीली पट्टी तक रॉड देने की व्यवस्था पर जोर दिया, ताकि कांवरियों और वाहनों की आवाजाही सहज बनी रहे. दुकानदारों के लिए ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है. बिना नक्शा के भवन निर्माण करने वालों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. वन टाइम सेटलमेंट योजना के तहत सभी तहसीलदारों को डोर-टू-डोर जाकर टैक्स संग्रह करने का निर्देश दिया गया, जिससे नगर परिषद की आय में वृद्धि हो सके. बैठक में सभापति राजकुमार गुड्डू ने बुके भेंट कर कार्यपालक पदाधिकारी को सम्मानित किया. हाल ही में नगर परिषद सुलतानगंज को पूरे भारत में बेस्ट अकाउंट प्रैक्टिस अवार्ड से सम्मानित किया गया है, जिस पर सभी कर्मियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए नगर परिषद को बधाई दी. बैठक में राजीव रंजन चौधरी, सुषमा शिल्पी, रुचिका, रवीश चंद्र वर्मा, अमित कुमार भगत, गोपाल झा, सभी तहसीलदार व वार्ड पार्षद नवीन कुमार बन्नी सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >