नवगछिया में सड़क हादसे में इंटर स्कूल की शिक्षिका घायल: भागलपुर से स्कूटी से जा रही थीं कटिहार

Road Accident: नवगछिया में एक इंटर स्कूल की शिक्षिका मोनिका चौधरी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं. विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें प्रतिदिन भागलपुर से कटिहार तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. ग्रामीणों और डायल 112 टीम ने त्वरित कार्रवाई कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया.

नवगछिया: Road Accident: पुलिस जिला नवगछिया के परवत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत खगड़ा गांव के समीप बुधवार को एक सड़क हादसे में इंटर स्तरीय विद्यालय की शिक्षिका मोनिका चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गईं. विक्रमशिला पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण वह प्रतिदिन स्कूटी से लंबी दूरी तय कर भागलपुर से कटिहार ड्यूटी पर आ-जा रही थीं.

स्कूटी असंतुलित होने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शिक्षिका मोनिका चौधरी बुधवार की सुबह रोजाना की तरह भागलपुर स्थित अपने आवास से स्कूटी पर सवार होकर कटिहार जिले के कुर्सेला प्रखंड अंतर्गत डुम्मर इंटर स्तरीय विद्यालय में अपनी ड्यूटी के लिए निकली थीं. इसी दौरान नवगछिया के परवत्ता थाना क्षेत्र के खगड़ा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गईं.

स्थानीय ग्रामीणों ने पेश की मानवता की मिसाल

हादसा होते ही खगड़ा गांव के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल शिक्षिका को संभाला और बिना समय गंवाए आपातकालीन सेवा डायल 112 पुलिस टीम को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से घायल शिक्षिका को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया.

पैर में आई गंभीर चोट, अस्पताल में इलाज जारी

नवगछिया अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, दुर्घटना में शिक्षिका मोनिका चौधरी के पैर में गंभीर चोटें आई हैं. अस्पताल की मेडिकल टीम द्वारा उनका उचित इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. घटना की जानकारी उनके परिजनों और विद्यालय प्रशासन को दे दी गई है.

पुल टूटने से रोजाना तय करनी पड़ रही लंबी दूरी

अस्पताल में उपचाराधीन शिक्षिका मोनिका चौधरी ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद से उनकी दिनचर्या बेहद कठिन हो गई है. पुल बाधित होने के कारण उन्हें प्रतिदिन भागलपुर से कटिहार के डुम्मर तक स्कूटी से ही बेहद लंबी और थका देने वाली दूरी तय कर विद्यालय जाना पड़ता है. रोजाना इसी मार्ग से अत्यधिक सफर करने की वजह से मानसिक और शारीरिक थकान भी हादसों का कारण बन रही है.

Road Accident: डायल 112 और ग्रामीणों की तत्परता की सराहना

इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने राहगीरों से इस व्यस्त मार्ग पर सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. वहीं, हादसे के तुरंत बाद शिक्षिका को अस्पताल पहुंचाने में निभाई गई त्वरित भूमिका के लिए स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 पुलिस की कार्यशैली की हर तरफ जमकर सराहना की जा रही है.

Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anjani Kumar

Published by: Divyanshu Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >