अपराधियों और नशा कारोबारियों पर नवगछिया एसपी का कड़ा रुख, सड़क हादसों को रोकने पर विशेष जोर

नवगछिया पुलिस जिला को नया नेतृत्व मिल गया है. नये पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है.

नवगछिया से अंजनी कश्यप की रिपोर्ट : नवगछिया पुलिस जिला को नया नेतृत्व मिल गया है. नये पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है. कार्यभार संभालते ही उन्होंने पुलिसिंग को लेकर अपना सख्त और स्पष्ट विजन सामने रखा है. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सामान्य शाखा, क्राइम शाखा, प्रपत्र शाखा, हिंदी शाखा, अभियोजन शाखा और लेखा शाखा समेत सभी विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तार से शनिवार को समीक्षा की. एसपी ने सभी थाना अध्यक्षों के साथ क्षेत्र के अपराध ग्राफ, लंबित कांडों, सड़क अपराध, मादक पदार्थों के कारोबार, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर बिंदुवार चर्चा की है.

केस डिस्पोजल में लाएं तेजी, जनता से बनाएं बेहतर समन्वय

नए एसपी ने सभी थाना अध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया है कि लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाये और केस डिस्पोजल की प्रक्रिया में तेजी लायी जाये. उन्होंने थाना स्तर की चुनौतियों और आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर चर्चा करते हुए कहा है कि आम जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाये, जिससे पुलिस पर जनता का विश्वास और मजबूत हो सके.

रोड बेस्ड डिस्ट्रिक्ट है नवगछिया, सड़क दुर्घटनाएं और रोड क्राइम रोकना प्राथमिकता

एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि नवगछिया एक रोड बेस्ड डिस्ट्रिक्ट है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) होने के कारण सड़क दुर्घटनाएं और रोड क्राइम एक बड़ी चुनौती हैं. ऐसे में सड़क हादसों को रोकना और रोड क्राइम पर नियंत्रण पाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक समेत अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी.

आगामी त्योहारों, मानसून और विक्रमशिला सेतु को लेकर विशेष रणनीति

आने वाले दिनों में ईद और मुहर्रम जैसे त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं. वहीं, मानसून और संभावित बाढ़ के मद्देनजर भी एक विशेष रणनीति बनायी जायेगी, ताकि आपदा के समय आम लोगों को तुरंत सहायता पहुंचायी जा सके. एसपी ने विक्रमशिला सेतु की वर्तमान स्थिति को भी एक गंभीर विषय बताया और कहा कि घाटों पर आम लोगों को बेहतर सुरक्षा और पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किये जायेंगे.

अपराधियों का स्पीड ट्रायल और बेल रद्द कराने पर होगा काम

अपराध नियंत्रण पर बात करते हुए एसपी ने कहा है कि नवगछिया के बड़े अपराधियों और जेल में बंद कुख्यात आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी. अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए स्पीड ट्रायल का सहारा लिया जायेगा और बड़े अपराधियों की बेल (जमानत) रद्द कराने की दिशा में भी पुलिस पूरी गंभीरता से कानूनी कदम उठायेगी.

म्यूल अकाउंट के जरिए चल रहे साइबर नेटवर्क पर होगी तकनीकी कार्रवाई

साइबर अपराध को लेकर एसपी ने एक बड़ा खुलासा किया कि नवगछिया में साइबर फ्रॉड के करीब सौ मामले सामने आ चुके हैं. सीमावर्ती इलाकों में म्यूल अकाउंट (दूसरों के खातों का अवैध इस्तेमाल) के जरिए साइबर अपराध का नेटवर्क सक्रिय है, जिस पर तकनीकी आधार पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. साइबर मामलों के अनुसंधान (जांच) को मजबूत किया जायेगा, ताकि पीड़ितों को राहत मिले और उनकी ठगी गयी राशि अधिक से अधिक रिफंड करायी जा सके. इसके साथ ही लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए स्कूल, कॉलेज और ग्रामीण स्तर पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा.

हाईवे पेट्रोलिंग होगी मजबूत, एसपी ने की जनता से अपील

यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग सिस्टम को और अधिक बेहतर बनाया जायेगा. बाजार क्षेत्रों और एनएच पर पुलिस की तैनाती और मॉनिटरिंग बढ़ायी जायेगी, ताकि सड़क हादसों में कमी आये. अंत में एसपी वैभव शर्मा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि नवगछिया पुलिस आम लोगों की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने लोगों से पुलिस पर भरोसा रखने और किसी भी समस्या या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की बात कही, साथ ही भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >