Navagachia News: नवगछिया. ट्रेन में हुई मुलाकात के बाद एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने घर ले जाने और करीब 20 दिनों तक वहां रखने का मामला सामने आया है. आरोप है कि इस दौरान युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. बाद में उसे ट्रेन से दिल्ली ले जाने के दौरान वह किसी तरह वहां से निकल गयी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने नाबालिग को बरामद किया. मामले में नवगछिया महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने अपने बयान में बताया है कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहती है और उसका पुस्तैनी घर छपरा में है. वह अपने माता-पिता से विवाद के बाद ट्रेन से छपरा जा रही थी. इसी दौरान ट्रेन में उसकी मुलाकात खरीक निवासी मनीष कुमार से हुई. बातचीत के दौरान युवक ने उसे शादी का भरोसा दिया और अपने घर ले आया.
20 दिनों तक घर में रखने का आरोप
पीड़िता के बयान के अनुसार, युवक ने उसे करीब 20 दिनों तक अपने घर में रखा. इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये गये. नाबालिग ने पुलिस को बताया कि दोनों घर से भागकर शादी करने की बात सोच रहे थे. इसकी जानकारी युवक ने अपनी मां को दी, जिसके बाद उसकी मां ने इसका विरोध किया.
आरोप है कि इसके बाद युवक की मां वीणा देवी नाबालिग को उसकी जानकारी के बिना ट्रेन से दिल्ली ले जाने लगी. यात्रा के दौरान उसका मोबाइल फोन भी ले लिया गया. फोन वापस नहीं मिलने पर नाबालिग रास्ते में ट्रेन से निकलकर एक बगीचे में चली गयी.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
बगीचे में नाबालिग को अकेले देखकर स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को थाना लेकर आयी. इसके बाद उसके बयान के आधार पर नवगछिया महिला थाना में दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की गयी.
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक की मां वीणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, आरोपी युवक मनीष कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
Navagachia News: बाल कल्याण समिति को सौंपी गयी नाबालिग
नवगछिया महिला थाना पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दी है. पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति, भागलपुर के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए सौंप दिया है. मामले में पुलिस प्राथमिकी और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
