Navagachia Dam Cut: नवगछिया के रंगरा गांव के समीप कलबलिया धार में शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे गंगा के तेज दबाव से धोबनिया जमींदारी बांध में करीब 20 फीट का बड़ा कटाव हो गया. बांध टूटने के बाद तेज बहाव के साथ पानी खेतों में फैलने लगा और पीडब्ल्यूडी की 14 नंबर सड़क के किनारे तक पहुंच गया. इससे आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. कटाव की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों की निगरानी में बांध को बचाने और पानी के फैलाव को रोकने का काम तत्काल शुरू कराया गया.
गंगा के दबाव से बांध में बड़ा कटाव
शुक्रवार सुबह गंगा के पानी का दबाव बढ़ने के बाद धोबनिया जमींदारी बांध में करीब 20 फीट का कटाव हुआ. कटाव वाले हिस्से से पानी तेजी से आगे बढ़ने लगा. पानी खेतों में फैलते हुए पीडब्ल्यूडी की 14 नंबर सड़क के किनारे तक पहुंच गया. इससे सड़क के साथ आसपास के रिहायशी इलाकों पर भी खतरा बढ़ गया है.
कटाव की सूचना के बाद पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र, जिलाधिकारी अंलकृता पांडेय, नवगछिया एसडीएम परीक्षित, डीसीएलआर शैलेंद्र कुमार सिंह, रंगरा के प्रभारी अंचल अधिकारी आशीष कुमार और रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने कटाव की स्थिति और पानी के बहाव का जायजा लिया.
सड़क और आसपास के इलाकों को बचाने में जुटी टीम
कटाव के बाद प्रशासन ने पानी को सड़क और रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने से रोकने के लिए बचाव कार्य तेज कर दिया है. सड़क किनारे डॉवल निर्माण कराया जा रहा है, ताकि पानी के फैलाव को नियंत्रित किया जा सके. वहीं बांध को और अधिक क्षतिग्रस्त होने से रोकने के लिए बांस पाइलिंग और एनसी कार्य की तैयारी की जा रही है.
कटाव वाले हिस्से में पानी के सीधे दबाव को कम करने के लिए नदी की ओर प्लास्टिक शीट बिछायी जा रही है. इसके ऊपर बालू से भरे बोरे लगाये जा रहे हैं. इस तकनीक के जरिए पानी के बहाव का दबाव कम करने और कटाव को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है.
Navagachia Dam Cut: प्रशासन की निगरानी में जारी है बचाव कार्य
बांध में कटाव के बाद आसपास के इलाकों में ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है. फिलहाल प्रशासन का मुख्य जोर कटाव को और बढ़ने से रोकने तथा सड़क को सुरक्षित रखने पर है. मौके पर बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है.
गंगा के पानी का दबाव बने रहने की स्थिति में कटाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम स्थिति पर नजर रख रही है. बांध को तत्काल सुरक्षित करने के लिए उपलब्ध संसाधनों के साथ काम किया जा रहा है.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
