एनएच-31 पर बालू लदा ट्रक घर पर पलटा, एक ही परिवार के सात घायल, दो बच्चों के दबे होने की आशंका

भागलपुर के नारायणपुर में एनएच-31 पर बालू लदा ट्रक एक कच्चे मकान पर पलट गया. हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए, जबकि दो बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका है. पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं.

नारायणपुर (भागलपुर) से मधुर मिलन नायक की रिपोर्ट

Narayanpur NH31 Truck Accident: भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया. भवानीपुर थाना के सामने खगड़िया की ओर से आ रहा बालू लदा एक अनियंत्रित 10 चक्का ट्रक सड़क किनारे स्थित कच्चे मकान पर पलट गया. हादसे में एक ही परिवार के सात से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि दो बच्चों के ट्रक और बालू के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है. राहत एवं बचाव कार्य जारी है.

घटना सुबह करीब सात बजे नारायणपुर गांव निवासी भिखारी मलिक के घर पर हुई. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. भवानीपुर थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई.

एक ही परिवार के कई सदस्य घायल

हादसे में भिखारी मलिक के परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया गया.

घायलों में शामिल हैं.

  1. इंदु देवी (40).
  2. नीरज कुमार (22).
  3. गुड्डू मलिक (28).
  4. कारे मलिक (14).
  5. ममता कुमारी (17).
  6. सपना कुमारी (12).
  7. मौसम कुमारी (20).
  8. प्रीतम कुमार (7 माह).

चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल इंदु देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया.

दो बच्चों के दबे होने की आशंका, राहत कार्य जारी

स्थानीय लोगों के अनुसार गुड्डू मलिक के दो बच्चे ट्रक और बालू के नीचे दबे हो सकते हैं. उन्हें निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं. वहीं ट्रक चालक के भी वाहन के नीचे फंसे होने की चर्चा है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

आक्रोशित लोगों ने किया एनएच-31 जाम

हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने नारायणपुर बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया. मौके पर मौजूद भवानीपुर थाना पुलिस लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने ट्रक को दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक खगड़िया की ओर से भागलपुर की दिशा में जा रहा था, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे कच्चे मकान पर पलट गया.

मुख्य बिंदु

  1. भवानीपुर थाना के सामने एनएच-31 पर हुआ हादसा.
  2. बालू लदा 10 चक्का ट्रक कच्चे मकान पर पलटा.
  3. एक ही परिवार के सात से अधिक लोग घायल.
  4. दो बच्चों के ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका.
  5. गंभीर घायल महिला को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया.
  6. ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए एनएच-31 जाम किया.
  7. पुलिस राहत कार्य और मामले की जांच में जुटी.

और पढ़ें: भागलपुर में बनेगा उत्तरायण विष्णु मंदिर, विधि शिक्षा व शोध को मिलेगा बढ़ावा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Madhur Milan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >