भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
:
भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने पीछे से एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले जगदीशपुर सीएचसी और बाद में बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज में भर्ती कराया गया है. पुलिस फरार हाइवा चालक की तलाश में जुट गई है.मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है. जगदीशपुर थाना क्षेत्र के चेक पोस्ट के पास मन्नू यादव मॉर्निंग वॉक कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात हाइवा ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
चालक वाहन लेकर हुआ फरार
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर जीरोमाइल की दिशा में फरार हो गया. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली और फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है.पहले सीएचसी, फिर मायागंज रेफर
घायल मन्नू यादव को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज में भर्ती कराया.फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.
