-पीएम कार्यक्रम के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहा पार्किंग का काम ठप -एसडीओ के निर्देश पर कर्मी मलबा हटाने व पेड़ की छंटाई का कर रहे थे काम – विधायक ने जेसीबी की चाबी और मोबाइल भी छीन लिया -पीड़ित कर्मचारियों ने विधायक के खिलाफ की कार्रवाई की मांग की वरीय संवाददाता, भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज के ग्राउंड में जदयू विधायक गोपाल मंडल ने गुरुवार को नगर निगम के दो कर्मचारियों व शाहकुंड के राजस्व कर्मचारी की डंडे से पिटाई कर दी. इससे नाराज कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया है और विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग नगर आयुक्त डॉ प्रीति व सिटी मैनेजर विनय कुमार यादव से की है. पीड़ित जेसीबी ड्राइवर के सहायक पिंटू कुमार ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के ग्रांउड को पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए पार्किंग बनाया गया है. गेट संकीर्ण रहने की वजह से दूसरा गेट बनाने का निर्देश एसडीओ से मिला था. वाहनों की सुविधा के मद्देनजर ग्राउंड की दीवार को दो जगह जेसीबी से तोड़ी गयी है. वहीं, विधायक गोपाल मंडल का आवास है. जहां एक गेट खोला गया है. जेसीबी से मलबा की सफाई व पेड़ की टहनियों की छंटाई का काम किया जा रहा था. तभी विधायक गोपाल मंडल हाथ में डंडा लेकर आये और पूछने लगा कि किसके परमिशन से दीवार तोड़ा है. इससे पहले की उन्हें कुछ बताते, गाली-गलौच करने के साथ जेसीबी का चाबी निकाल ली और ड्राइवर को पीटने लगा. पिंटू ने बताया कि वह इसका वीडियो बना रहा था. विधायक उसके करीब आया और बगैर कुछ पूछे लाठी बरसाने लगा. मौके पर मौजूद संजीव कुमार सिंह ने विधायक से कहा कि हम शाहकुंड के राजस्व कर्मचारी हैं, तो उनका कहना रहा कि लाट साहब हो क्या? उन्हें भी लाठी से पीट दिया. इसके बाद पीड़ितों ने सीओ को फोन पर घटना की जानकारी दी. वह तुरंत मौके पर पहुंची. पिंटू व संजीव सिंह के अनुसार गोपाल मंडल ने उनके सामने भी खूब गाली-गलौच की और जिंदा जलाने की धमकी दी. विधायक ने खुलेआम धमकी दी कि अगर ज्यादा विरोध किया, तो मैदान से बाहर भी नहीं जाने देंगे. इसके बाद सभी काम बंद कर लौट गये. मामले को दबाने की हो रही कोशिश जेसीबी के ड्राइवर के सहायक पिंटू ने बताया कि पीड़ितों ने डीएम से मिलकर शिकायत करने की कोशिश की लेकिन, विधि व्यवस्था में व्यस्त रहने की बात बताकर मिलने नहीं दिया गया. मामले को दबाने की कोशिश हो रही है. नगर निगम के घायल कर्मियों ने एससी-एसटी थाने में मामला दर्ज कराने की बात कही है. विधायक बोले- सिर्फ धक्का दिया, डंडा चलाते तो वह गिर नहीं जाते विधायक गोपाल मंडल ने बताया कि नगर निगम कर्मियों की उनकी पत्नी सविता देवी से बहस हो गई थी. उन्होंने कहा कि जब पेड़ की टहनी काटने से रोका, तो वे झगड़ा करने लगे. इसी बीच मोहल्ले की महिलाएं भी आ गईं. मैं बीच-बचाव करने गया, कर्मी मुझसे भी उलझ गए. मैंने सिर्फ धक्का दिया, अगर डंडा चलाता तो वे गिर नहीं जाते.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
