भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट :
शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक तिलकामांझी चौक की सूरत अब बदलने वाली है. चौक से होटल के मलबे को हटाने के बाद अब नगर निगम ने वहां बने बड़े से पार्क को हटाने की कवायद शुरू कर दी है. शुक्रवार की देर रात से शनिवार की सुबह तक जेसीबी मशीनों की मदद से पार्क की दीवारों को ढहाने और वहां से मिट्टी हटाने का काम युद्धस्तर पर किया गया. निगम इस पार्क की बाउंड्री को हटाकर इस पूरे क्षेत्र को ”ओपन स्पेस” (खुला क्षेत्र) के रूप में विकसित करने जा रहा है.यातायात व्यवस्था होगी सुगम, जाम से मिलेगी मुक्ति
तिलकामांझी चौक पर लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय लोगों और राहगीरों को निजात दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया है. पार्क की बाउंड्री हटने से सड़क का चौड़ीकरण होगा, जिससे वाहनों की आवाजाही के लिए अधिक जगह मिलेगी. इस पूरे हिस्से को खुला रखने से यहां की यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुगम और सुव्यवस्थित हो जायेगी.शहीद तिलकामांझी के स्मारक का होगा सौंदर्यीकरण
निगम की इस योजना के तहत पार्क को भले ही हटाया जा रहा है, लेकिन देश के गौरव शहीद तिलकामांझी के सम्मान में कोई कमी नहीं छोड़ी जायेगी. पार्क के स्थान पर शहीद तिलकामांझी के स्मारक को बेहद भव्य और आकर्षक रूप में नये सिरे से तैयार किया जायेगा.
