दिल्ली व मुजफ्फरपुर में अग्निकांड के बाद कहलगांव में बड़ी कार्रवाई, एक्सपायर फायर सिलेंडर मिलने पर नोटिस, अब होगी सीलिंग
Bhagalpur News : दिल्ली के होटल और मुजफ्फरपुर के अस्पताल में हुए अग्निकांड के बाद कहलगांव अग्निशमन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है. रातभर चली छापेमारी में कई प्रतिष्ठानों की पोल खुल गई. कहीं एक्सपायर अग्निशामक यंत्र मिले तो कहीं फायर अलार्म बंद पाए गए. अब विभाग ने साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सीधी सीलिंग की कार्रवाई होगी.
कहलगांव, भागलपुर से रिपोर्ट
Bhagalpur News : संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहलगांव अनुमंडल अग्निशमन विभाग ने शनिवार देर रात तक विशेष जांच अभियान चलाया. सनोखर, कहलगांव बाजार, अमडंडा और पीरपैंती क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में की गई जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया.
रातभर चला फायर विभाग का सघन अभियान
सहायक अग्निशमन पदाधिकारी नवीन कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने देर रात तक विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. टीम में प्रधान अग्निक बजरंगी कुमार, अग्निक चंदन कुमार और विपिन कुमार भी शामिल रहे. अभियान के दौरान कुल 12 प्रतिष्ठानों की जांच की गई.
कई प्रतिष्ठानों में मिली गंभीर खामियां
निरीक्षण के दौरान तीन से चार प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गईं. कहीं अग्निशामक यंत्र एक्सपायर मिले तो कहीं फायर अलार्म सिस्टम बंद अवस्था में मिला. विभाग ने ऐसे प्रतिष्ठानों को मौके पर ही नोटिस थमाते हुए तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया.
एक्सपायर अग्निशामक यंत्रों पर विभाग की सख्ती
सहायक अग्निशमन पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि एक्सपायर हो चुके अग्निशामक यंत्र केवल दिखावे की वस्तु बनकर रह जाते हैं और आपात स्थिति में किसी काम नहीं आते. उन्होंने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को 48 घंटे के भीतर नए आईएसआई मार्क अग्निशामक यंत्र लगाने का निर्देश दिया है.
बिजली व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने की सलाह
अग्निशमन विभाग ने बड़े प्रतिष्ठानों और मकान मालिकों को विद्युत लोड आवश्यकता के अनुरूप रखने तथा पुराने बिजली तारों को समय-समय पर बदलने की सलाह दी है. अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश आग की घटनाएं विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण होती हैं, इसलिए इस दिशा में विशेष सतर्कता जरूरी है.
बिना एनओसी वाले प्रतिष्ठानों पर लटकी कार्रवाई की तलवार
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन प्रतिष्ठानों ने अब तक फायर विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त नहीं किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. अगले चार से पांच दिनों में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर ऐसे परिसरों को सील किया जा सकता है.
रविवार को भी जारी रही जांच
अधिकारियों ने बताया कि अभियान रविवार को भी जारी रहा. सुबह आठ बजे से बड़े शोरूम, निजी अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की वीडियोग्राफी के साथ जांच की जा रही है. विभाग का कहना है कि सुरक्षा जांच किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी.
आम लोगों से भी मांगी गई सहयोग की अपील
अग्निशमन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भवन, होटल, अस्पताल या प्रतिष्ठान बिना फायर सेफ्टी व्यवस्था के संचालित हो रहा है तो इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम 101 या कहलगांव अग्निशमन कार्यालय को दें. विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
सुरक्षा नियमों से समझौता नहीं
अग्निशमन विभाग का कहना है कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा. आने वाले दिनों में निरीक्षण अभियान और तेज किया जाएगा ताकि किसी भी संभावित अग्निकांड को समय रहते रोका जा सके.