भागलपुर जीआरपी पुलिस ने दुमका-पटना एक्सप्रेस में कांवड़ियों के भेश में शराब लेकर आ रहे एकयुवकों को गिरफ्तार किया है. जबकि, एक नाबालिग को विधि निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने उनके पास से सात लीटर विदेशी शराब बरामद की है.
साहिबगंज से शराब लेकर ट्रेन में चढ़े थे
पुलिस के अनुसार दोनों युवक साहिबगंज से शराब लेकर दुमका-पटना एक्सप्रेस में सवार हुए थे. पहचान छिपाने और पुलिस की नजर से बचने के लिए दोनों ने कांवड़ियों की वेशभूषा पहन रखी थी. ट्रेन के भागलपुर पहुंचने पर जीआरपी की टीम ने जांच अभियान के दौरान दोनों को पकड़ा. तलाशी लेने पर उनके पास से शराब बरामद हुई.
जीआरपी के निरीक्षक नसीम अहमद ने बताया कि गिरफ्तार युवक नाथनगर का रहने वाला हैं. जांच के दौरान सात लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी है.
ट्रेनों में लगातार हो रही जांच
जीआरपी की ओर से सावन के दौरान ट्रेनों में शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में दुमका-पटना एक्सप्रेस में जांच के दौरान दोनों युवकों को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
