भागलपुर : 12 रबीउल अव्वल 1448 हिजरी के अवसर पर 26 अगस्त 2026, बुधवार को निकलने वाले जुलूस-ए-मुहम्मदी को लेकर खानकाह आलिया शाहबाजिया, मुल्लाचक शरीफ की ओर से आवश्यक गाइडलाइन जारी की गयी है. जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से निकालने के लिए आयोजकों ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किये हैं. साथ ही जुलूस में शामिल होने वाले लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आपसी भाईचारा व सद्भाव बनाए रखने की अपील की गयी है.
थाना से लिखित अनुमति लेना जरूरी
गाइडलाइन के अनुसार जुलूस निकालने से पहले संबंधित थाना से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा. जुलूस के लिए निर्धारित मार्ग की जानकारी भी संबंधित थाना को देनी होगी. जुलूस में डीजे के इस्तेमाल पर रोक रहेगी. माइक और लाउडस्पीकर की आवाज 70 से 75 डेसीबल के बीच रखने का निर्देश दिया गया है.
दूसरे धर्म की भावना आहत करने वाले नारे पर रोक
जुलूस के दौरान ऐसा कोई नारा नहीं लगाने को कहा गया है, जिससे किसी दूसरे धर्म के लोगों की भावना आहत हो. देश विरोधी नारे लगाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी. आयोजकों ने जुलूस में शामिल लोगों से अमन, शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की है.
एंबुलेंस के लिए रास्ता रखने का निर्देश
आपात स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस सहित अन्य जरूरी वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खाली रखने का निर्देश दिया गया है. जुलूस में ईद मिलादुन्नबी का झंडा और भारत का तिरंगा ही रखने को कहा गया है. किसी अन्य देश का झंडा नहीं लाने की हिदायत दी गयी है. नियमों का उल्लंघन करने वालों को स्वयं जिम्मेदार माना जायेगा.
दोपहर 12 बजे तक खानकाह पहुंचने की अपील
गाइडलाइन में जुलूस में शामिल होने वाले लोगों से खानकाह परिसर में आने और रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर नहीं जाने की अपील की गयी है. सलाम और दुआ का समय दोपहर 12:30 बजे निर्धारित किया गया है. सभी लोगों से दोपहर 12 बजे तक जुलूस-ए-मुहम्मदी लेकर खानकाह आलिया शाहबाजिया पहुंचने की अपील की गयी है.
