– नशीले कफ सीरप मामले में जोगसर पुलिस ने तो दो ब्राउन सुगर पेडलर को बबरगंज पुलिस ने किया पकड़ा
संवाददाता, भागलपुर
नशे के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत भागलपुर पुलिस जिला के शहरी पुलिस अनुमंडल के दो थानों की टीम ने उपलब्धि हासिल की है. जोगसर पुलिस ने ऑटो पार्ट्स की दुकान की आड़ में चलायी जा रही नशीले कफ सीरप के कारोबार का भंडाफोड़ किया है, तो बबरगंज पुलिस ने लोदीपुर निवासी ब्राउन सुगर के दो पेडलरों की गिरफ्तारी की है. इधर अन्य थानों की पुलिस को भी नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर मादक पदार्थों व शराब की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया है.
12 बोतल नशीले कफ सीरप के साथ दुकानदार गिरफ्तार
जोगसर पुलिस को बुधवार रात गुप्त सूचना मिली कि आदमपुर चौक के समीप प्रेम ऑटो पार्ट्स नामक दुकान में अवैध नशीले कफ सीरप का कारोबार किया जाता है. एक विशेष टीम का गठन कर दुकान में छापेमारी की गयी. इससे पहले ही दुकानदार कुतुबगंज निवासी संजय चौरसिया उर्फ सोनू दुकान बढ़ाकर एक झोला लेकर वहां से जाने लगा. उसे देख पुलिस पदाधिकारी व बलों ने उसे रोकने की कोशिश की. पुलिस को देख वह तेजी से भागने लगा. पुलिस टीम ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया. उसके पास मौजूद झोले से 12 बोतल प्रतिबंधित नशीले कफ सीरप की बोतलों को बरामद किया गया. पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त किया है. हालांकि पूछताछ के दौरान उसने कफ सीरप तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जानकारी पुलिस को नहीं दी है. वर्तमान में सोनू आदमपुर स्थित अपने ससुराल में ही रहता था.
बगीचे में ब्राउन सुगर बेचने आये दो पेडलर धराये
बबरगंज थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपने क्षेत्र से ब्राउन सुगर के दो पेडलरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में लोदीपुर निवासी मो शाकिब और मो सैफ शामिल हैं. दोनों के पास अलग-अलग पुड़िया में बंद कुल 6 ग्राम ब्राउन सुगर की बरामदगी की गयी है. पुलिस ने उनके मोबाइल और बाइक को जब्त कर लिया है. पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को ब्राउन सुगर के कुछ बड़े सप्लायरों की जानकारी दी है. इधर, पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन के जरिये पुलिस शहर में ब्राउन सुगर के अवैध कारोबार के बड़े चेहरों को ढूंढने में लग गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
