भागलपुर से अतुल तिवारी की रिपोर्ट :
लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) का असर अब आम लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है. तेज धूप और आसमान से बरसती आग के कारण अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों की संख्या में लगातार भारी वृद्धि हो रही है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है.अस्पतालों में पहुंच रहे मरीज
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिनों में से एक रहा और इसी दिन अस्पतालों में हीट वेव से पीड़ित मरीजों की सबसे अधिक संख्या दर्ज की गयी. बांका से भागलपुर परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा तेज गर्मी के कारण परीक्षा के दौरान ही केंद्र पर बेहोश हो गयी. परिजनों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया. मायागंज अस्पताल में भी हीट वेव के मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी है.डॉक्टरों ने बताये लक्षण और बरतने को कहा एहतियात
डॉ विनय कुमार झा के अनुसार, तेज धूप में अधिक देर तक रहने, शरीर में पानी की कमी (डीहाइड्रेशन) और अत्यधिक गर्म वातावरण के कारण लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है. इसके मुख्य लक्षणों में चक्कर आना और सिर दर्द होना, शरीर में अत्यधिक कमजोरी और उल्टी होना, तेज बुखार आना या अचानक बेहोश हो जाना शामिल है. सरकारी और निजी दोनों ही प्रकार के अस्पतालों में फिलहाल ऐसे मरीजों का तांता लगा हुआ है.
