bhagalpur news. एक ऐसा स्कूल, जहां चोर ड्यूटी पर और पुलिस छुट्टी पर

भागलपुर में एक स्कूल ऐसा, जहां बार-बार हो रही है चोरी.

कहलगांव के रसलपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दम तोड़ चुकी है. इसकी गवाही भोलसर गांव का नंदकिशोर सिंह भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय दे रहा है. यहां लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने न सिर्फ स्कूल प्रबंधन को तंग-तबाह किया है, बल्कि अब जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों का गुस्सा भी चरम पर पहुंच चुका है. गुस्सा जायज भी है. इस स्कूल ने अब तक चोरी की जितनी प्राथमिकी दर्ज करायी, उससे ज्यादा चोरी हो चुकी है. यही नहीं, प्राथमिकी दर्ज करने के दो दिन बाद भी चोरी हो गयी. बच्चों के स्मार्ट क्लास के सारे कंप्यूटर चोर खाली कर चुके हैं. अपराधियों की पहचान सीसीटीवी कैमरे से न हो जाये, चोर ने कैमरे ही चुरा लिये. बावजूद इसके आज तक एक भी चोर पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका. जब थाने पर से लोगों का विश्वास उठ गया, तो इन घटनाओं को लेकर स्कूल प्रबंधन ने ग्रामीणों के साथ आइजी को आवेदन सौंपा है. ग्रामीण बताते हैं कि आइजी के निर्देश पर पुलिस हरकत में आयी है और सुना है कि पूछताछ भी की जा रही है.

स्कूल में चोरी की घटनाएं

1. नंदकिशोर सिंह भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय, भोलसर. यह त्रिमुहान मोहनपुर के मुख्य मार्ग पर पानी टंकी भोलसर के सामने स्थित है. पहली बार 17 जून, 2025 की रात को चोरी हुई. इसमें वायरिंग बोर्ड को क्षतिग्रस्त करते हुए तांबे के तार की चोरी हुई. विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अनुपलाल सिंह ने 18 जून, 2025 को रसलपुर के थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत दी, लेकिन न प्राथमिकी दर्ज हुई और न कोई कार्रवाई.

2. 20 जून, 2025 की रात्रि नंदकिशोर सिंह भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय, भोलसर में ही साउंड बॉक्स, वेब कैमरा, सीपीयू, टेबल पंखा की चोरी हुई. प्रयोगशाला के सामान को क्षतिग्रस्त किया. विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अनुपलाल सिंह ने ही 21 जून, 2025 को रसलपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी. इसपर प्राथमिकी दर्ज की गयी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

3. 22 जून, 2025 की रात्रि में तीसरी बार इसी नंदकिशोर सिंह भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय, भोलसर में फुल सेट कंप्यूटर 12 पीस, सीपीयू, वेब कैमरा, साउंड बॉक्स व अन्य सामान की चोरी हुई. 23 जून शिक्षक अनुपलाल सिंह ने रसलपुर थाना में फिर शिकायत दर्ज की. एफआईआर दर्ज की गयी. लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है और न कोई सामान बरामद हुआ.

थाना क्षेत्र में एक अन्य स्कूल में चोरी

31 मार्च, 2025 को राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, भोलसर में चोरी हुई थी. इसकी प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. ग्रामीणों के सहयोग से सिर्फ सामान की बरामदगी हुई है. लेकिन अब तक अपराधी के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. इसके पूर्व मध्य विद्यालय एकचारी में भी तीन बार चोरी की घटना हुई थी.

स्कूल के सामने जिसकी घड़ी मिली, उसका नाम भी पुलिस को बताया

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि आसपास के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया था. लेकिन कुछ देर में सब लोगों को छोड़ दिया गया. विद्यालय के बाहर एक घड़ी मिली थी. कुछ सूत्रों से पता चला था कि यह घड़ी पंकज मंडल नाम के युवक की है. स्थानीय पुलिस ने उसे भी पकड़ा था, लेकिन कुछ देर के बाद उसे भी छोड़ दिया. आइजी को घड़ी की तस्वीर भी लोगों ने दी है. चकराजू गांव में 21 जून की रात दो बजकर 34 मिनट पर सीसीटीवी कैमरा फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए व टोटो ले जाते देखा गया है. ग्रामीणों द्वारा पंकज मंडल के होने की आशंका जतायी है और सीसीटीवी कैमरा फुटेज की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग आइजी से की है.

क्या बोले शिक्षक व ग्रामीण

नंदकिशोर सिंह भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय, भोलसर के वरीय शिक्षक अनुपलाल सिंह ने बताया कि चोरी की घटना और प्राथमिकी दर्ज कराते-कराते आजिज आ चुके हैं. इसका प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है. ग्रामीण अवध किशोर कुमार ने बताया कि रसलपुर पुलिस शिथिल हो चुकी है. आइजी ने फोन किया, तो पुलिस हरकत में आयी है. आइजी को मुखिया अर्चना कुमारी, सरपंच खुदी देवी, वरीय शिक्षक अनुपलाल सिंह, उपमुखिया संजय कुमार साह, पंचायत समिति सदस्य नूतन देवी, भोलसर पैक्स अध्यक्ष धनंजय प्रसाद यादव, जिला परिषद सदस्य प्रेमलता देवी समेत तकरीबन 250 लोगों का हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपा गया है.

—-

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >