सोना-चांदी में लगातार उतार-चढ़ाव, दाल और अनाज के दाम से मिली राहत

Bhagalpur News : भागलपुर के बाजार से आई ताजा रिपोर्ट बताती है कि जहां सर्राफा बाजार में कीमतों का खेल जारी है, वहीं दाल, आटा और अधिकांश अनाज के भाव फिलहाल स्थिर बने हुए हैं.

भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर की स्थानीय मंडियों में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं देखा जा रहा है, लेकिन सर्राफा बाजार में सोना और चांदी लगातार उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रहे हैं. पिछले सप्ताह से कीमती धातुओं के भावों में तेजी और गिरावट का सिलसिला जारी रहा. हालांकि सोमवार को सोना और चांदी के दाम स्थिर रहे. दूसरी ओर दलहन और तेलहन बाजार में कुछ वस्तुओं के भाव बढ़े हैं, जबकि अधिकांश अनाज के दाम यथावत बने हुए हैं.

सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड स्तर पर बने हुए हैं भाव

सोना और चांदी की कीमतें अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं. बाजार के जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार और निवेशकों की बढ़ती रुचि के कारण कीमती धातुओं के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है.वर्तमान बाजार दर के अनुसार 24 कैरेट सोना 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.69 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है.

दाल बाजार में चना और अरहर ने दिखाई तेजी

दलहन बाजार में चना और अरहर की मांग बनी हुई है. चना और मसूर दाल 72 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर उपलब्ध हैं. अरहर दाल 120 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है. वहीं मूंग दाल 98 रुपये और कलाई दाल 105 से 115 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच कारोबार कर रही है. आटा का भाव 35 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बना हुआ है.

कतरनी चावल की मांग बरकरार, गुणवत्ता के अनुसार कीमत

अनाज मंडी में कतरनी चावल की मांग बनी हुई है. इसकी कीमत गुणवत्ता के आधार पर 80 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक है. वहीं स्वर्णा चावल 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध है. कतरनी चूड़ा 110 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच बिक रहा है, जिसकी मांग लगातार बनी हुई है.

तेलहन बाजार में तेजी से बढ़ी कीमतें

पिछले कुछ दिनों में खाद्य तेलों के दामों में वृद्धि दर्ज की गई है. 15 लीटर वाले मंगल तेल का डिब्बा 2400 रुपये से बढ़कर 2475 रुपये तक पहुंच गया है. वहीं रिफाइन तेल की कीमत 2350 से 2450 रुपये प्रति 13 लीटर के बीच बनी हुई है. व्यापारियों का मानना है कि मांग और आपूर्ति की स्थिति के अनुसार आने वाले दिनों में तेल के दामों में और बदलाव संभव है.

व्यापारियों ने जतायी आगे और बढ़ोतरी की संभावना

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार आगामी शादी-विवाह के मौसम और बाजार में मांग बढ़ने के कारण कई उत्पादों की कीमतों में और वृद्धि हो सकती है. उनका कहना है कि यदि मांग में तेजी आती है तो कुछ विशेष उत्पादों के दाम और ऊंचे स्तर तक पहुंच सकते हैं. फिलहाल उपभोक्ताओं को खाद्य वस्तुओं के मोर्चे पर राहत जरूर है, लेकिन सर्राफा बाजार की चाल पर सभी की नजर बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >