नवगछिया. रंगरा थाना बैसी के पास कोसी नदी में नहाने के दौरान लड़की लापता हो गयी. लापता लड़की थाना क्षेत्र के साधोपुर के पप्पू मंडल की सात वर्षीय पुत्री रूसी कुमारी है. पप्पू मंडल कोसी नदी के उस पार खेती करते हैं. परिवार के सभी लोग खेत से वापस नाव से बैसी घाट उतरे थे. नाव से उतर कर पप्पू मंडल की पुत्री रूसी कुमारी, पुत्र सत्यम कुमार, शिवम कुमार, इंशात कुमार की पुत्री सादिया कुमारी, मेहर कुमारी नहाने के दौरान डूबने लगी. ग्रामीणों ने सभी बच्चे व बच्चियों को बाहर निकाला. किंतु रूसी कुमारी लापता है. रूसी कुमारी के शव की खोज नदी में की जा रही है. रात होने से शव को मंगलवार को खोजा जायेगा.नवगछिया परवत्ता थाना क्षेत्र महादेवपुर घाट पर गंगा स्नान करने के दौरान डूबने से सुपौल के व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक सुपौल बाजार महावीर चौक के स्वर्गीय हीरालाल सिंह के पुत्र रंजन कुमार है. रंजन कुमार सिंह के रिश्तेदार बमबम कुमार सिंह की मां का देहांत हो गया था. शांतिपूजन के लिए गंगा स्नान करने रंजन रिश्तेदार के साथ महादेवपुर घाट आया था. रिश्तेदार के साथ रंजन कुमार सिंह महादेवपुर घाट पर गंगा स्नान कर रहा था. इस दौरान पांव फिसलने से मोहन कुमार अधिक पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा. रंजन कुमार मोहन कुमार को बचाने गया, तो वह डूब गया. नाविक की मदद से मोहन कुमार सिंह को बाहर निकाला गया. रंजन कुमार सिंह को आधा घंटा बाद नदी से निकाला गया और घटना की जानकारी 112 नंबर पर पुलिस को दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंच रंजन कुमार सिंह को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले गयी. चिकित्सक ने जांच के पश्चात मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि रंजन कुमार सिंह की डूबने से मौत हुई है, किंतु उसके पेट में पानी नहीं था. डूबने वाले व्यक्ति के पेट में पानी रहता है. परवत्ता थाना की पुलिस ने शव का पंचनामा बना कर पोस्टमार्टम करवा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अस्पताल में भाई के शव के पास बहन मीनू सिंह का रो-रो कर बुरा हाल था. परवत्ता थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि रंजन कुमार सिंह गंगा नदी में स्नान कर रहा था. इस दौरान एक व्यक्ति डूबने लगा. उसको बचाने रंजन कुमार सिंह गया, तो वह डूब गया. रंजन कुमार सिंह की डूबने से मौत हो गयी. शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
