गोपालपुर, भागलपुर : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 3 जुलाई से 14 अगस्त तक चलाये गये विशेष अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 32,397 लोगों की स्क्रीनिंग की. जांच के दौरान आठ नये टीबी मरीजों की पहचान हुई. सभी मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया है.
अभियान के दौरान 766 लोगों का एक्स-रे कराया गया. वहीं, टीबी के संदिग्ध 345 लोगों के बलगम के नमूनों की टूनेट मशीन से जांच की गयी. जांच रिपोर्ट में आठ लोगों में टीबी की पुष्टि हुई. इसके बाद सभी मरीजों को टीबी की दवा उपलब्ध करायी गयी. मरीजों के परिजनों को भी आवश्यक दवा दी गयी और सभी मरीजों को पोषण किट प्रदान की गयी.
स्वास्थ्यकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
विशेष अभियान को सफल बनाने में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक आतिश कुमार राय, बीसीएम सूरज कुमार सहित 15 स्वास्थ्य उपकेंद्रों की एएनएम और सीएचओ की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इसके अलावा लैब तकनीशियन आशीष कुमार चौधरी, किशोर कुंदन कुमार और एक्स-रे तकनीशियन निरंजन कुमार ने भी अभियान में सहयोग किया.
