bhagalpur news. नवगछिया अनुमंडल का ‘ब्रेकर रोड’, सात किलोमीटर में 70 ब्रेकर

नवगछिया अनुमंडल के बिहपुर और खरीक प्रखंड के गांवों से गुजरने वाली लत्तीपुर-महादेवपुर घाट-जाह्नवी चौक रोड इन दिनों ब्रेकर रोड के रूप में चर्चित हो रहा है

ऋषव मिश्रा कृष्णा, भागलपुर नवगछिया अनुमंडल के बिहपुर और खरीक प्रखंड के गांवों से गुजरने वाली लत्तीपुर-महादेवपुर घाट-जाह्नवी चौक रोड इन दिनों ब्रेकर रोड के रूप में चर्चित हो रहा है. महज सात किलोमीटर लंबी इस सड़क पर कुल 70 स्पीड ब्रेकर है. यानी औसतन हर 100 मीटर पर एक ब्रेकर मौजूद है. यही कारण है कि यह सड़क वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गयी है. वाहन रफ्तार पकड़ती नहीं है कि एक ब्रेकर आ जाता है. अगर लत्तीपुर से खरीक, तुलसीपुर, तेतरी होते हुए जाह्नवी चौक तक जाएंगे तो 14 से 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी. ऐसी स्थिति में आधे से ज्यादा दूरी कम हो जाने से यह सड़क काफी महत्वपूर्ण हो जाता है. दूसरी तरफ स्थानीय लोगों की मानें तो इस सड़क पर पहले तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं होती थीं. हादसों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बनाए गए. कई ग्रामीण मानते हैं कि ब्रेकर बनने के बाद वाहनों की गति पर कुछ हद तक लगाम लगी है और दुर्घटनाओं में कमी भी आई है. 70 ब्रेकर का खामियाजा हालांकि, दूसरी ओर इतनी अधिक संख्या में ब्रेकर होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दोपहिया, चारपहिया, एंबुलेंस और स्कूली वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो जाती है. एकाएक बार-बार जर्क महसूस होने से मरीजों और बुजुर्गों को लगातार झटकों से दिक्कत बढ़ जाती है. ज्यादातार ब्रेकर मानक के अनुरूप नहीं है. कई स्थानों पर ब्रेकरों पर पेंट या संकेतक बोर्ड नहीं लगे हैं, जिससे रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. कुछ जगहों पर दो ब्रेकरों के बीच की दूरी भी काफी कम है. खास कर बाइक चलाते समय ब्रेकर के कारण असंतुलित होने का खतरा बना रहता है. जानकार लोगों ने कहा- मानक के अनुरूप नहीं है ब्रेकर ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सड़क सुरक्षा के लिए बनाए गए ये ब्रेकर कितने जरूरी और कितने मानक के अनुरूप हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ब्रेकरों की संख्या और गुणवत्ता की जांच कर अनावश्यक ब्रेकर हटाने की मांग की है, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ आवागमन भी सुगम हो सके. कहते हैं स्थानीय प्रतिनिधि ब्रेकरों की संख्या ज्यादा है, जिससे परिचालन में दिक्कत होती है. लेकिन यह बात भी है कि कुछेक जगहों पर ब्रेकर जरूरी है. गैर जरुरी ब्रेकरों को हटवाने की दिशा में पहल करेंगे. विजय मंडल, जिला पार्षद प्रतिनिधि सह राजद नेता, नवगछिया. इतनी संख्या में ब्रेकर मानक के अनुरूप नहीं है. संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को खुद संज्ञान में लेकर सिर्फ मानक के हिसाब से उपयुक्त ब्रेकरों को ही रहने देना चाहिए. इसके लिए वे पहल करेंगे. पप्पू यादव, सरपंच प्रतिनिधि, खैरपुर पंचायत सह जिला उपाध्यक्ष जदयू, नवगछिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >