भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
गंगा नदी में सोमवार देर रात आंधी-तूफान के दौरान एक नाव डूबने की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि नाव में करीब 10 यात्री और एक मोटरसाइकिल सवार थी. हादसे में संतोष कुमार के लापता होने की सूचना है. स्थानीय स्तर पर उसकी तलाश जारी है.
बरारी घाट से खुली थी नाव
जानकारी के अनुसार नाव बरारी घाट से चोरी-छिपे हाइलेवल घाट की ओर जा रही थी. इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे नाव असंतुलित होकर पलट गई.बताया जा रहा है कि नाव पर करीब 10 यात्री सवार थे. हादसे के दौरान अधिकांश यात्रियों ने तैरकर अपनी जान बचा ली.
सब्जी बेचकर लौट रहा था युवक
लापता युवक की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार संतोष देर रात सब्जी बेचकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे.आंधी के दौरान नाव पलटने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है.
प्रशासन को नहीं दी गई थी सूचना
सूत्रों के मुताबिक घटना की जानकारी नाविक की ओर से जिला प्रशासन को नहीं दी गई थी. हालांकि आपदा विभाग को हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई है.
नाव परिचालन व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद गंगा नदी में नाव परिचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. नियमों के अनुसार शाम पांच बजे के बाद नाव संचालन प्रतिबंधित रहता है.इसके बावजूद खराब मौसम और आंधी-तूफान के बीच नाव चलाने को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए हैं.
जांच की उठी मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमों का सख्ती से पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था. लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
