भागलपुर में आज रात 10 बजे से 8 घंटे तक बंद रहेगा भीखनपुर रेलवे गुमटी नंबर-2, ट्रैक जोड़ने का होगा बड़ा काम
Copied link
Bhagalpur News : भागलपुर में देर रात यात्रा करने वालों के लिए जरूरी खबर है. रेलवे द्वारा नई रेल लाइन को मुख्य ट्रैक से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाना है. इसके लिए भीखनपुर गुमटी नंबर-02 के पास सड़क को अस्थायी रूप से हटाकर ट्रैक जोड़ा जाएगा. इस कारण रविवार रात 10 बजे से करीब 8 घंटे तक मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा. रेलवे ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है.
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
Bhagalpur News : भागलपुर में रेलवे के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. भीखनपुर एक नंबर रेलवे गुमटी से तीन नंबर रेलवे गुमटी तक एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए नई रेल पटरी बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है. अब तीन नंबर के लिए बिछाई गई नई लाइन को दो नंबर लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए रविवार रात 10 बजे से लगभग आठ घंटे तक मार्ग बंद रहेगा.
गुमटी नंबर-02 पर होगा ट्रैक जोड़ने का काम
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गुमटी नंबर-02 के समीप सड़क के हिस्से को हटाकर नई रेल लाइन को मौजूदा लाइन से जोड़ा जाएगा. इस प्रक्रिया में ट्रैक कनेक्शन के साथ चेक रेल लगाने का कार्य भी शामिल है. यह पूरी परियोजना का अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है.
600 मीटर रेल पटरी बिछाने का काम पूरा
एक नंबर से तीन नंबर रेलवे गुमटी के बीच करीब 600 मीटर लंबी नई रेल पटरी पहले ही बिछाई जा चुकी है. अब केवल दोनों लाइनों को जोड़ने का कार्य शेष है. इसके पूरा होते ही इस सेक्शन में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कार्य लगभग पूर्ण हो जाएगा.
100 से अधिक रेलकर्मी रहेंगे तैनात
इस विशेष अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए रेलवे ने व्यापक तैयारी की है. कार्यस्थल पर 100 से अधिक रेलकर्मी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे. आधुनिक मशीनों और उपकरणों की मदद से सड़क हटाने और ट्रैक जोड़ने का काम तेजी से किया जाएगा.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है. जिला पुलिस के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम भी मौके पर तैनात रहेगी. अधिकारियों का उद्देश्य है कि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा कर मार्ग को फिर से चालू कर दिया जाए.
डीएम को भेजा गया था पत्र
इस कार्य को लेकर मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल अभियंता बी. मंडल द्वारा जिला प्रशासन को पहले ही पत्र भेजकर आवश्यक सहयोग और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया था. इसके बाद प्रशासन और रेलवे के बीच समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार की गई.