TV के नये शो ‘हुई गुम यादें’ में बबली के किरदार में दिखेंगी भागलपुर की सुष्मिता, कल SONY SAB पर रात आठ बजे होगा प्रसारण

Bhagalpur News : भागलपुर की बेटी सुष्मिता सहेला एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रही हैं. फैशन डिजाइनिंग से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाली सुष्मिता अब सोनी सब टीवी के नये फिक्शन ड्रामा ‘हुई गुम यादें’ में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी. छोटे पर्दे और फिल्मों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी सुष्मिता की यह नई पारी उनके शहर और प्रशंसकों के लिए गर्व का क्षण लेकर आई है.

भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर की उभरती अभिनेत्री सुष्मिता सहेला अब एसएबी टीवी के चर्चित फिक्शन ड्रामा ‘हुई गुम यादें’ में लीड रोल में नजर आएंगी. सोमवार रात आठ बजे प्रसारित होने वाले शो के प्रसारण से पहले उन्होंने प्रभात खबर से विशेष बातचीत में अपने किरदार और कहानी से जुड़े कई दिलचस्प पहलुओं को साझा किया. सुष्मिता इस शो में ‘बबली’ की भूमिका निभा रही हैं, जो एक मध्यमवर्गीय परिवार की युवती है.

भावनाओं और रिश्तों से जुड़ी है कहानी

सुष्मिता ने बताया कि ‘हुई गुम यादें’ एक ऐसी कहानी है, जिसमें भावनाओं, रिश्तों और सामाजिक मुद्दों का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा. शो में एक डॉक्टर का किरदार भी है, जो मानव मनोविज्ञान को समझने और पढ़ने की क्षमता रखता है. कहानी में कई अप्रत्याशित मोड़ और भावनात्मक घटनाएं दर्शकों को बांधे रखेंगी.

अंधविश्वास के खिलाफ दिया गया है संदेश

शो में सुष्मिता के साथ अभिनेता कृष्णा भारद्वाज ‘सत्तू’ की भूमिका निभा रहे हैं. बबली और सत्तू की शादी के बाद कहानी नया मोड़ लेती है. अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के कारण सत्तू को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. कहानी के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों पर प्रहार करने और जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है.

दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करेंगी

सोबो फिल्म्स होल्डिंग लिमिटेड के बैनर तले निर्मित इस शो में कई जाने-माने कलाकार भी नजर आएंगे. इसमें इकबाल खान, गुलकी जोशी, सृष्टि सिंह और अविन त्यागी जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं. निर्माताओं को उम्मीद है कि शो दर्शकों को मनोरंजन के साथ एक सार्थक संदेश भी देगा.

58 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है फिल्म

सुष्मिता सहेला की पहली फीचर फिल्म ‘नवरस कथा कोलाज’ भी काफी चर्चित रही थी. दो वर्ष पहले रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी. फिल्म को 58 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए थे. राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और हिमाचल फिल्म फेस्टिवल में इसे सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान मिला था.

भागलपुर से मुंबई तक का प्रेरणादायक सफर

भागलपुर के सुरखीकल निवासी और सबौर हाई स्कूल के सेवानिवृत्त प्राचार्य सार्जन कुमार तथा गुड्डी रानी की बेटी सुष्मिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा माउंट कार्मेल स्कूल, भागलपुर से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने निफ्ट प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 108वीं रैंक हासिल की और बेंगलुरु से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई पूरी की. मुंबई में फैशन डिजाइनर के रूप में काम करते हुए उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा.

टीवी और फिल्मों में बना चुकी हैं पहचान

सुष्मिता ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत शॉर्ट फिल्म ‘दो तरफा’ से की थी. इसके बाद उन्होंने सोनी टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘मेरे साईं’ में गौरी की भूमिका निभाई. वहीं चर्चित शो ‘कथा अनकही’ में भी उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा. अब ‘हुई गुम यादें’ के जरिए वह एक बार फिर दर्शकों के दिलों में जगह बनाने को तैयार हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >