मायागंज अस्पताल में मरीजों से ठगी करने वाला दलाल गिरफ्तार, दवा के नाम पर वसूले थे रुपये

Bhagalpur News: सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों को बेहतर इलाज का झांसा देकर निजी क्लिनिक भेजने की कोशिश और दवा के नाम पर रुपये की वसूली. भागलपुर के मायागंज अस्पताल में सामने आए इस मामले ने मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब आरोपी दलाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

भागलपुर से अतुल तिवारी की रिपोर्ट

Bhagalpur News: भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती मरीजों से ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार दलाल मो. जफर को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. आरोप है कि उसने हड्डी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से डॉक्टर के नाम पर दवा लाने का बहाना बनाकर रुपये वसूले. इतना ही नहीं, वह मरीजों को सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराने और निजी क्लिनिक में ऑपरेशन कराने के लिए भी कथित रूप से बहका रहा था. अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर बरारी थाना पुलिस ने उसके खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है.

दवा लाने के नाम पर मरीज से ठगे रुपये

जानकारी के अनुसार सोमवार को मायागंज अस्पताल के हड्डी वार्ड में भर्ती मरीज अमित कुमार का ऑपरेशन हुआ था. ऑपरेशन के बाद आरोपी मो. जफर उनके परिजनों के पास पहुंचा और खुद को डॉक्टर की ओर से भेजा गया व्यक्ति बताते हुए दवा लाने के लिए रुपये ले गया.

परिजनों का आरोप है कि रुपये लेने के बाद वह दवा लेकर वापस नहीं आया. बाद में जब डॉक्टर वार्ड में पहुंचे और दवा के बारे में पूछा, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ.

वार्ड कर्मियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया

घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल के हड्डी वार्ड में तैनात कर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया. पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने एक अन्य मरीज बरन यादव से भी रुपये लिए थे.

इसके बाद अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई और आरोपी को बरारी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.

निजी क्लिनिक भेजने का भी लगा आरोप

मरीज अमित कुमार की पत्नी ने आरोप लगाया कि आरोपी सिर्फ रुपये वसूलने तक सीमित नहीं था. वह वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों को सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराने की सलाह देता था.

आरोप है कि वह बेहतर इलाज का भरोसा दिलाकर मरीजों को निजी क्लिनिक में ऑपरेशन कराने के लिए प्रेरित करता था. इस तरह की गतिविधियां सरकारी अस्पतालों में सक्रिय दलालों के नेटवर्क पर भी सवाल खड़े करती हैं.

Bhagalpur News: अस्पताल अधीक्षक की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

मामले को गंभीर मानते हुए मायागंज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एचपी दूबे ने बरारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मो. जफर के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया.

बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं था.

मरीजों से सतर्क रहने की अपील

अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे इलाज, दवा या किसी अन्य प्रक्रिया के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति को रुपये न दें. किसी भी तरह की जरूरत होने पर सीधे वार्ड में मौजूद डॉक्टर, नर्स या अस्पताल कर्मियों से ही संपर्क करें.

Also Read: अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध प्रभाग की कार्रवाई जारी.

Also Read: आज से पूरे बिहार में शुरू होगा आंधी-पानी का दौर, इन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD की एडवाइजरी जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >