भागलपुर में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, 125वीं यात्रा समेत 4 स्थानों से निकलेंगे रथ

Bhagalpur Rath Yatra 2026: भागलपुर में आज भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा. आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर नया बाजार, सुजागंज, गिरधारी साह हाट और चंपानगर से भगवान जगन्नाथ की यात्रा निकलेगी. 17 दिनों के अनवसर काल के बाद भक्त भगवान के दर्शन कर सकेंगे.

Bhagalpur Rath Yatra 2026: भागलपुर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर श्रद्धा और उत्साह चरम पर है. 17 दिनों के अनवसर काल के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा भक्तों को दर्शन देंगे. शहर के नया बाजार, सुजागंज, गिरधारी साह हाट और चंपानगर से भव्य रथयात्राएं निकाली जाएंगी. खास बात यह है कि नया बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर से इस वर्ष 125वीं ऐतिहासिक रथयात्रा निकलेगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

भागलपुर में शुरू हुआ भगवान जगन्नाथ का पूजन-अनुष्ठान

आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर सिल्क सिटी भागलपुर में भगवान जगन्नाथ के पूजन-अनुष्ठान की शुरुआत गुरुवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई. अनवसर काल के 17 दिनों के बाद भगवान के दर्शन के लिए मंदिरों के पट खुले तो बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे. पूरे शहर में रथयात्रा को लेकर धार्मिक माहौल बना हुआ है.

125वीं रथयात्रा बनेगी मुख्य आकर्षण

नया बाजार स्थित सखीचंद घाट रोड के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर से इस वर्ष 125वीं रथयात्रा निकाली जाएगी. मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है और पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी व फूलों से सजाया गया है.

शाम 6:30 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का रथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर से रवाना होगा. रथयात्रा कोतवाली चौक, स्टेशन चौक, सुजागंज, वैरायटी चौक, खलीफाबाग चौक, दीपनगर चौक और बूढ़ानाथ चौक से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी.

सुजागंज में भगवान को लगा छप्पन भोग

सुजागंज बाजार स्थित बाटा गली के जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा की पूर्व संध्या पर भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया. पूजा-अर्चना के बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया और देर रात भंडारे में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया.

मंदिर के सेवकों ने बताया कि इस बार रथ को विशेष रूप से पुरी से लाए गए कपड़े से सजाया गया है. गुरुवार शाम 6 बजे यहां से रथयात्रा निकलेगी, जो वैरायटी चौक, खलीफाबाग और स्टेशन चौक होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी.

गिरधारी साह हाट और चंपानगर से भी निकलेगी रथयात्रा

गिरधारी साह हाट स्थित जगन्नाथ मंदिर से भी शाम 6 बजे रथयात्रा निकाली जाएगी. यह यात्रा मुख्य बाजार क्षेत्र, लोहापट्टी और आसपास के इलाकों से होकर गुजरेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी शामिल होंगे.

वहीं चंपानगर में भी पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलेगी. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान का रथ खींचने और आशीर्वाद लेने की अपील की है.

Bhagalpur Rath Yatra 2026: क्या है रथयात्रा का धार्मिक महत्व?

धार्मिक मान्यता के अनुसार रथयात्रा के दिन भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मौसी घर के लिए प्रस्थान करते हैं. वहां कुछ दिनों तक प्रवास के दौरान विशेष भोग लगाया जाता है. दशमी तिथि के बाद भगवान पुनः अपने मंदिर लौटते हैं. यह परंपरा सदियों से श्रद्धा और भक्ति के साथ निभाई जा रही है.

भागलपुर में भी यह रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है. हर वर्ष हजारों श्रद्धालु इसमें शामिल होकर भगवान के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त करते हैं.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध

ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Deepak kumar rao

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >