34 घंटे से अंधेरे में भागलपुर : दक्षिणी शहर और बरारी में बिजली संकट गहराया, पानी के लिए मचा हाहाकार

Bhagalpur News : भागलपुर के दक्षिणी शहर और बरारी इलाके में 34 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है. भीषण गर्मी के बीच दो लाख से अधिक लोग अंधेरे और पानी संकट से जूझ रहे हैं, जबकि बिजली विभाग ने मदद के लिए मुंगेर से तकनीकी टीम मांगी है.

भागलपुर से ब्रजेश की रिपोर्ट

भागलपुर में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है. दक्षिण भागलपुर और बरारी क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी बिजली आपूर्ति ठप रही. क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत अब तक पूरी नहीं हो सकी है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. हालात इतने गंभीर हो गये हैं कि बिजली विभाग को लाइन बहाली के लिए मुंगेर बिजली विभाग से तकनीकी सहायता मांगनी पड़ी है.

भागलपुर शहर में बिजली संकट ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. करीब 34 घंटे से बिजली नहीं रहने के कारण दक्षिणी शहर और बरारी क्षेत्र के लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं. घरों में अंधेरा पसरा हुआ है और अधिकांश इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं.

लाइनमैन की कमी से बहाली कार्य प्रभावित

भागलपुर शहरी क्षेत्र के कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि लाइनमैनों की कमी के कारण बिजली लाइन की मरम्मत और बहाली कार्य प्रभावित हो रहा है. इसी बीच मंगलवार देर रात आई तेज आंधी और तूफान ने पहले से क्षतिग्रस्त लाइन को और नुकसान पहुंचा दिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गयी.उन्होंने बताया कि विभाग ने अब मुंगेर बिजली विभाग से तकनीकी सहायता मांगी है ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके. अधिकारियों के अनुसार संबंधित जूनियर इंजीनियर का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है, जिसके कारण संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है.

रात ढाई बजे तक कैंप करते रहे अधिकारी

बिजली संकट की गंभीरता को देखते हुए सुपरिटेंडेंट इंजीनियर मंगलवार रात करीब ढाई बजे तक अलीगंज विद्युत उपकेंद्र में कैंप करते रहे और मरम्मत कार्य की निगरानी करते रहे. विभागीय टीम लगातार लाइन रिस्टोरेशन के काम में जुटी हुई है.

पानी संकट से लोग बेहाल

लगातार बिजली गुल रहने से सबसे ज्यादा परेशानी पानी की आपूर्ति को लेकर हो रही है. मोटर नहीं चलने के कारण कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है. लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. कई घरों में खाना तक नहीं बन पाया है.

नाथनगर में भी फिर ठप हुई बिजली

मंगलवार देर रात आई तेज आंधी का असर नाथनगर और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिला. 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन में फिर से ब्रेकडाउन हो गया, जिसके चलते वहां की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गयी.

जेनरेटर की मांग अचानक बढ़ी

बिजली संकट लंबा खिंचने के कारण आर्थिक रूप से सक्षम लोग अब किराये पर जेनरेटर लेने लगे हैं. बाजार में जेनरेटर की मांग अचानक बढ़ गयी है. हालांकि आम लोगों के सामने बिजली और पानी दोनों की गंभीर समस्या बनी हुई है.स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके और सामान्य जनजीवन फिर से पटरी पर लौट सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar sinh

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >